Bermo: DVC बोकारो थर्मल स्थित ऐश पॉन्ड से लगातार उठाव किए जाने के बावजूद वर्तमान में क्षमता से अधिक छाई जमा है. पॉन्ड को खाली कराने के उद्देश्य से वर्तमान में यहां से हजारीबाग, कसमार और राजगंज स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण स्थलों के लिए छाई भेजी जा रही है. इसके साथ ही स्थानीय पावर प्लांट स्थित रेलवे के रैक यार्ड में भी छाई ट्रांसपोर्टिंग का कार्य लगातार जारी है.

सेटलिंग पॉन्ड से युद्धस्तर पर निकाली जा रही छाई
ऐश पॉन्ड के दोनों पॉन्ड में छाई की मात्रा क्षमता से अधिक हो जाने के कारण पॉन्ड स्थित वेल के रास्ते बड़ी मात्रा में छाई दोनों सेटलिंग पॉन्ड में जाकर जमा हो गई है. फिलहाल इन दोनों सेटलिंग पॉन्ड से छाई निकालने का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है और निकाली गई छाई को एक नंबर पॉन्ड में ही जमा किया जा रहा है. इसके अलावा सेटलिंग पॉन्ड के माध्यम से रिकवरी क्षेत्र में भी छाई जमा हो गई थी, जिसे वहां से निकालकर पास ही के स्थान पर रखा गया है.

ओवरलोडिंग पर पूरी तरह रोक, प्लांट पर संकट की आशंका
इस पूरे मामले पर DVC के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एए कुजूर ने बताया कि संबंधित कंपनियों द्वारा पॉन्ड से प्रतिदिन लगभग साढ़े तीन हजार मीट्रिक टन छाई का उठाव और ट्रांसपोर्टिंग का कार्य किया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पॉन्ड से छाई की ढुलाई में लगे हाईवा वाहनों की ओवरलोडिंग पूरी तरह बंद कर दी गई है.

GM ने कहा कि पॉन्ड में अभी भी क्षमता से अधिक छाई मौजूद है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर खाली कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि ऐश पॉन्ड के मुद्दे पर केवल राजनीति की जा रही है. यदि यही स्थिति रही तो ऐश पॉन्ड की समस्या के कारण पूरे पावर प्लांट को बंद करने की नौबत भी आ सकती है.
ALSO READ: बेरमो: DVC कोनार डैम में 16वां अंगदान जागरूकता अभियान आयोजित, महादान का दिया गया संदेश

