Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस ने कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के पातरहातु गांव में हुई हत्या की गुत्थी का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वैज्ञानिक अनुसंधान, त्वरित कार्रवाई एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है.पुलिस के अनुसार, दिनांक 03 अगस्त 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि कुमारडुंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पातरहातु में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच प्रारंभ की.
मृतक की पत्नी ने दर्ज करवाई FIR
जांच के दौरान मृतक की पहचान कुंडिया सिंकु (उम्र लगभग 53 वर्ष), पिता स्वर्गीय बडाय सिंकु, निवासी ग्राम पातरहातु, थाना कुमारडुंगी, जिला पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के रूप में हुई. मृतक की पत्नी मनौती कुई के लिखित आवेदन के आधार पर कुमारडुंगी थाना कांड संख्या 19/2026, दिनांक 03.08.2026, धारा 103(1)/3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई. प्राथमिकी में मंगल हेंब्रम, कुशानु हेंब्रम एवं गणेश हेंब्रम को नामजद अभियुक्त बनाया गया.

विशेष छापामारी दल का गठन
पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जगन्नाथपुर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार पर अनुसंधान करते हुए लगातार छापेमारी की. त्वरित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दिनांक 04 अगस्त 2026 को तीनों नामजद आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया.पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपने-अपने स्वीकारोक्ति बयान में हत्या में संलिप्तता स्वीकार की. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी के तीन डंडे बरामद कर विधिवत जब्त कर लिए.पुलिस अनुसंधान में यह तथ्य भी सामने आया कि हत्या की घटना प्रेम-प्रसंग के कारण हुई थी. सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

गिरफ्तार अभियुक्त
मंगल हेंब्रम उर्फ मंगल सिंह हेंब्रम, उम्र लगभग 38 वर्ष
कुशानु हेंब्रम, उम्र लगभग 45 वर्ष
गणेश हेंब्रम, उम्र लगभग 29 वर्ष
तीनों अभियुक्त ग्राम पातरहातु, थाना कुमारडुंगी, जिला पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के निवासी हैं.
बरामद सामान
हत्या में प्रयुक्त लकड़ी के 03 (तीन) डंडे.
छापामारी दल में शामिल अधिकारी
रूपायल मुर्मू – अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जगन्नाथपुर
वासुदेव मुंडा – पुलिस निरीक्षक, झींकपानी अंचल
सुनील कुमार चौधरी – थाना प्रभारी, कुमारडुंगी
तथा कुमारडुंगी थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान.
पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने कहा कि गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा कानून के अनुसार सभी दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

