Ranchi: राज्य के अलग-अलग जिलों से सैकड़ों की संख्या में मोरहाबादी मैदान में पंचायत सहायक संघ के लोग जमा हुए. यहां से निकल कर लोकभवन की बढ़ रहे हैं. लोक भवन के पास अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन करेंगे. पंचायत सहायकों की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सरकार और संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है. पंचायत सहायकों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है, जिसके कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा है.
पंचायत सहायक विभिन्न मांगों को लेकर कर रहे संघर्ष
पंचायत सहायकों ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. इसके अगले चरण में पंचायत सहायक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से सकारात्मक पहल नहीं होने से पंचायत सहायकों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है. पंचायत सहायकों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं. उनकी प्रमुख मांगों में मुख्यमंत्री के साथ सीधी वार्ता सुनिश्चित करना, वर्तमान 2500 रुपये के मानदेय में बढ़ोतरी करना तथा प्रत्येक वर्ष ग्राम सभा से अनुमोदन की अनिवार्यता समाप्त करना शामिल है. इसके अलावा, पंचायत सहायकों ने पंचायत सचिव के पदों में 70 प्रतिशत आरक्षण देने की भी मांग की है. उनका कहना है कि वर्षों से पंचायत स्तर पर कार्य करने के बावजूद उन्हें सेवा सुरक्षा और पदोन्नति का उचित अवसर नहीं मिल रहा है.

आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति दी जाए
संघ ने मांग की है कि सेवा के दौरान मृत पंचायत सहायकों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति दी जाए. साथ ही पंचायत सहायकों को स्वास्थ्य बीमा और दुर्घटना बीमा जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाए. ताकि विपरीत परिस्थितियों में उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके.

ALSO READ: चाईबासा: प्रेम-प्रसंग में हुई हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

