Ranchi: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन 12वें दिन भी जारी रहा. राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में डटे अभ्यर्थियों के इस विरोध-प्रदर्शन ने राज्य में राजनीतिक हलचल को तेज कर दिया है. एक तरफ विपक्ष ने आंदोलन में कूदकर सरकार की घेराबंदी शुरू कर दी है, वहीं दूसरी तरफ जिला प्रशासन और सरकार ने मामले को शांत करने के लिए बातचीत की पहल की है.

यह भी पढ़ें: झारखंड शराब घोटाला: ACB की कार्रवाई, JSBCL के आईटी प्रबंधक समेत कई निदेशकों को समन जारी

बाबूलाल मरांडी का सरकार पर करारा हमला, सीबीआई जांच की मांग
नेता प्रतिपक्ष और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की और उनके संघर्ष को अपनी पार्टी की तरफ से पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिया. छात्रों को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि विपक्ष युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगा और छात्रों की मांगों को लेकर हर स्तर पर आवाज उठाएगा.


