Ranchi: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं और चयन प्रणालियों को लेकर उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों के चल रहे उग्र आंदोलन के बीच अब विपक्षी दल भी पूरी तरह हमलावर हो गए हैं.बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में झारखंड एनडीए विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. इस बैठक में संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे. बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु राज्य के युवाओं का भविष्य और चल रहा छात्र आंदोलन रहा, जिस पर विपक्ष ने सरकार के खिलाफ आक्रामक तेवर अपनाने का निर्णय लिया है.
पेपर लीक नहीं बल्कि पेपर फिक्सिंग
मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि बैठक से पहले नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में एनडीए के विधायक पिछले 12 दिनों से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलनरत छात्रों से मिलने पहुंचे थे और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना था. जायसवाल ने आरोप लगाया कि जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं के बाद अब ‘पेपर लीक’ नहीं बल्कि ‘पेपर फिक्सिंग’ के पुख्ता सुबूत सामने आ रहे हैं. राज्य में योग्यता को ताक पर रखकर नौकरियां बेची जा रही हैं, जहां कम अंक लाने वाले अभ्यर्थी सफल हो रहे हैं और अधिक अंक वाले बाहर हो रहे हैं. उन्होंने सीआईडी जांच को महज एक ‘आईवॉश’ करार देते हुए 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा को तुरंत रद्द करने की मांग की. साथ ही, परीक्षा एजेंसी के एक मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी का हवाला देते हुए बड़े पैमाने पर आर्थिक वसूली और सरकारी सांठगांठ के गंभीर आरोप लगाए.

विपक्ष की दो टूक मांगें और कांग्रेस पर तंज
वर्ष 2019 के बाद आयोजित हुई सभी प्रमुख परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच उच्च न्यायालय की निगरानी में सीबीआई से कराई जाए.कांग्रेस के दोहरे चरित्र पर सवाल: भाजपा ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अन्य राज्यों में छात्रों के धरने पर पहुंचने वाले राष्ट्रीय नेता झारखंड के छात्रों की अनदेखी कर रहे हैं. यदि कांग्रेस वास्तव में छात्रों के पक्ष में है, तो उसे हेमंत सरकार से अपना समर्थन तुरंत वापस लेना चाहिए.

विधानसभा सत्र में गूंजेगा युवाओं का दर्द
आगामी 12 अगस्त तक चलने वाले विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर विपक्ष ने पूरी तैयारी कर ली है। एनडीए विधायक दल ने एक स्वर में यह तय किया है कि सदन के पटल पर छात्र आंदोलन के इस सबसे ज्वलंत मुद्दे को पूरी मुखरता और मजबूती के साथ उठाया जाएगा. बैठक में बाबूलाल मरांडी और नवीन जायसवाल के साथ-साथ सीपी सिंह, मनोज यादव, डॉ. नीरा यादव, रागिनी सिंह, आजसू विधायक निर्मल महतो और लोजपा विधायक जनार्दन पासवान सहित कई अन्य विधायक मौजूद रहे.
ALSO READ: बोकारो: जिंदल कंपनी के खिलाफ दुग्दा के विस्थापितों ने तीर-धनुष के साथ निकाला जुलूस

