Bermo: बोकारो थर्मल क्षेत्र में बुधवार को हुई दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पहली घटना सड़क हादसे की है, जबकि दूसरी घटना तालाब में डूबने से हुई.
नमाज से लौट रहे डीवीसी मजदूर की सड़क हादसे में मौत
नूरीनगर निवासी 54 वर्षीय मो. रियाज अंसारी डीवीसी बोकारो थर्मल पावर प्लांट के ओएंडएम विभाग में सप्लाई मजदूर के रूप में कार्यरत थे. बुधवार रात करीब आठ बजे वे नूरीनगर स्थित मस्जिद से नमाज पढ़कर बाहर निकल रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि मो. रियाज अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई.

नाबालिग बाइक चालक गंभीर रूप से घायल
इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल चला रहा 15 वर्षीय उदित कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गया. वह पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के पिपड़ाडीह गांव का रहने वाला और दसवीं कक्षा का छात्र है. बताया गया कि वह अपने दो दोस्तों के साथ बोकारो थर्मल से ट्यूशन पढ़कर गांव लौट रहा था.


हादसे के बाद ग्रामीणों का हंगामा
दुर्घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए. सूचना मिलने पर बोकारो थर्मल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए बोकारो बीजीएच अस्पताल भेजने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने विरोध करते हुए पुलिस का घेराव कर दिया.
अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा
स्थिति तनावपूर्ण होने पर बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर कथारा, गांधीनगर, गोमिया, तेनुघाट और पेंक नारायणपुर थाना से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया. काफी समझाने-बुझाने और हंगामे के बाद रात करीब साढ़े नौ बजे घायल युवक को इलाज के लिए बीजीएच अस्पताल भेजा जा सका.
कारो स्पेशल फेज-दो में तालाब में डूबने से दूसरी मौत
दूसरी घटना सीसीएल कारो स्पेशल फेज-दो क्षेत्र की है. यहां 55 वर्षीय स्थानीय निवासी बाला मुंडा की तालाब में डूबने से मौत हो गई. ग्रामीणों ने बताया कि तालाब किनारे उनकी टोपी और चप्पल रखी मिली थी. वे किन परिस्थितियों में पानी में उतरे और कैसे डूबे, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है.
ग्रामीणों ने शव बाहर निकाला
स्थानीय लोगों ने तालाब से शव बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
दोनों मामलों की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
ALSO READ: झारखंड छात्र आंदोलन पर भाजपा का हमला, राहुल गांधी से पूछा- युवाओं से मिलने कब आएंगे?

