-
20 से 22 जुलाई तक हुई काउंसलिंग में छूटे अभ्यर्थियों के लिए अंतिम अवसर; अनुपस्थित रहने पर रद्द होगी अभ्यर्थिता
Ranchi: झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (माध्यमिक शिक्षा निदेशालय) ने ‘झारखंड प्रशिक्षित माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा, 2025 (विज्ञापन संख्या–02/2025) के तहत अनुशंसित अभ्यर्थियों को एक और अंतिम मौका प्रदान किया है. विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, ऐसे अभ्यर्थी जो पूर्व में आयोजित काउंसलिंग में किसी कारणवश शामिल नहीं हो सके थे, उनके लिए पुन: काउंसलिंग की तिथि निर्धारित की गई है. माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने स्पष्ट किया गया है कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा अनुशंसित जो अभ्यर्थी 20 जुलाई, 21 जुलाई और 22 जुलाई 2026 को आयोजित काउंसलिंग में उपस्थित नहीं हो पाए थे, वे अब 07 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं.
काउंसलिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी
स्थान: माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, तृतीय तल, एमडीआई बिल्डिंग, धुर्वा, रांची.
समय: पूर्वाह्न 11:00 बजे से.
तिथि: 07 अगस्त 2026 (शुक्रवार)

साथ लाने होंगे ये आवश्यक दस्तावेज
निदेशालय ने अनुपस्थित अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित तिथि व समय पर अपने साथ शैक्षणिक, प्रशैक्षणिक, जाति, आवासीय प्रमाण-पत्रों की मूल प्रतियां तथा उनकी स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रतियां अनिवार्य रूप से लाएं. इसके अतिरिक्त, आवेदन पत्र में संलग्न की गई पासपोर्ट साइज फोटो की तीन स्व-अभिप्रमाणित प्रतियां भी साथ लानी होंगी.

काउंसलिंग में न पहुंचने पर रद्द होगी अभ्यर्थिता
विभाग ने सख्त चेतावनी दी है कि यह अभ्यर्थियों के लिए अंतिम अवसर है. यदि कोई अभ्यर्थी 07 अगस्त को आयोजित काउंसलिंग में भी उपस्थित नहीं होता है, तो उसकी अभ्यर्थिता स्वतः रद्द कर दी जाएगी और इसके बाद किसी भी दावे पर विचार नहीं किया जाएगा.

