Lohardaga: लोहरदगा जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा देर रात सघन ड्रिंक एंड ड्राइव व वाहन जांच अभियान चलाया गया. जिला परिवहन पदाधिकारी जया शंखी मुर्मू के नेतृत्व में कचहरी मोड़ और शंख मोड़ पर चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान करीब 100 वाहनों की गहन जांच की गई. अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना तथा वाहन चालकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार ड्राइविंग के प्रति जागरूक करना था.

बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के गाड़ी चलाने वालों का काटा गया चालान
जांच अभियान के दौरान दोपहिया, चारपहिया तथा बड़े वाणिज्यिक वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की गई. साथ ही वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से शराब सेवन की जांच भी की गई. अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि कोई भी चालक शराब के नशे में वाहन न चला रहा हो. इसके अलावा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले तथा बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई.

हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने की अपील
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने केवल कार्रवाई तक ही अपने प्रयासों को सीमित नहीं रखा, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया. उन्हें बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण लापरवाही और नियमों की अनदेखी है. अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की, कि वे हमेशा हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा किसी भी स्थिति में शराब पीकर वाहन न चलाएं.

सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक का दायित्व
इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी जया शंखी मुर्मू ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है. यदि सभी लोग यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें, तो अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है. उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य राहगीरों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन जाता है. ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उन्होंने बताया कि जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर समय-समय पर विशेष जांच अभियान चलाए जाते रहेंगे. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं आम लोगों को जागरूक करने के लिए भी लगातार अभियान संचालित किए जाएंगे. परिवहन विभाग का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि लोगों में सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करना है.
सुरक्षित ड्राइविंग के लिए दिए गए आवश्यक सुझाव
इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ रोड सेफ्टी टीम के सदस्य भी मौजूद रहे. टीम ने वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए आवश्यक सुझाव दिए और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया. प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है, कि वे अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके.
यह भी पढ़ें: पलामू: पुलिस कस्टडी से पिस्टल छीनकर भाग रहे आरोपी के साथ मुठभेड़, लगी गोली

