Palamu: जिले के शहर थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस और अपराधी के बीच गोलीबारी की घटना हुई है. बीते दिनों नदी किनारे हुए चर्चित गोलीबारी कांड के नामजद आरोपी सुमित को जब पुलिस की टीम पकड़ने गई, तब आरोपी पुलिस टीम पर हमला कर भागने की कोशिश करने लगा. इस दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी सुमित के पैर में गोली लग गई. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नदी किनारे हुए गोलीबारी कांड में सुमित नामजद आरोपी था. पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी. गुप्त सूचना के आधार पर जब शहर थाना पुलिस की टीम आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची, तो आरोपी ने पुलिस की गिरफ्त से बचने का प्रयास किया. पकड़े जाने के दौरान सुमित ने पुलिस टीम को चकमा देते हुए एक पुलिसकर्मी का पिस्टल छीन लिया और मौके से भागने की कोशिश करने लगा. आरोपी को हथियार के साथ भागते और जानलेवा हमला करने की नीयत से पीछे हटते देख पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तुरंत मोर्चा संभाला. पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन जब वह नहीं माना तो पुलिस को विवश होकर जवाबी कार्रवाई में फायरिंग करनी पड़ी. पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आरोपी सुमित के पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा. इसके बाद पुलिस टीम ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया.

अस्पताल में कराया गया भर्ती, सुरक्षा कड़ी
घटना के तुरंत बाद घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल (MMCH) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है. पुलिस प्रशासन द्वारा अस्पताल परिसर और आरोपी की निगरानी के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.


