Ranchi: राजधानी रांची के रातू रोड दुर्गा मंदिर क्षेत्र में आज गुरुवार सुबह खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने रातु रोड स्थित ‘मां डेयरी’ में औचक छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली पनीर की खेप बरामद की है. खाद्य सुरक्षा विभाग को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि दुर्गा मंदिर के आसपास स्थित कुछ डेयरियों में रसायन और मिलावटी सामग्रियों का उपयोग कर नकली पनीर तैयार किया जा रहा है और उसे बाजार में बेचा जा रहा है. सूचना मिलते ही गुरुवार की सुबह अधिकारियों की टीम ने रातु रोड स्थित मां डेयरी में दबिश दी.

भारी मात्रा में मिलावटी पनीर और रसायन जब्त
छापेमारी के दौरान डेयरी परिसर से भारी मात्रा में तैयार नकली पनीर के साथ-साथ उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध पाम ऑयल, केमिकल और पाउडर बरामद किए गए हैं. शुरुआती जांच में पनीर की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई है, जो मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक साबित हो सकती है.

नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बरामद पनीर और अन्य सामग्रियों के सैंपल एकत्र कर लिए हैं, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद डेयरी संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम (FSSAI) के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दुकान को सील करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है.


