Saraikela: जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता मिली है. पुलिस, 203-कोबरा बरही, 134 बटालियन CRPF दुगुनी और 26 वाहिनी SSB रांची की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर काण्ड्रा और चांडिल थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर भाकपा माओवादी संगठन के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से AKM-47 रायफल, इंसास रायफल, पिस्तौल, जिंदा कारतूस, वॉकी-टॉकी और विस्फोटक (कोडेक्स वायर) बरामद किया गया है.

गुप्त सूचना पर संयुक्त टीम ने की घेराबंदी
सरायकेला SP ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि वरीय अधिकारियों को सूचना मिली थी, कि काण्ड्रा थाना अंतर्गत ग्राम-उदयपुर के एक घर में कुछ उग्रवादी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए ठहरे हुए हैं. सूचना के आधार पर तुरंत पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम का गठन किया गया. टीम ने उदयपुर गांव में एक संदिग्ध घर की घेराबंदी की, जहां से भाकपा माओवादी के सब जोनल कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार को लोडेड AKM-47 रायफल, गोली और वॉकी-टॉकी के साथ धर दबोचा गया. इनके निशानदेही पर पुलिस टीम ने 15 लाख इनामी मदन महतो और दो लाख इनामी मीणा को गिरफ्तार किया.

दलमा पहाड़ से पुलिस से लूटी हुई इंसास रायफल बरामद
गिरफ्तार माओवादियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही के आधार पर चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी गांव के ऊपर दलमा पहाड़ पर छिपाकर रखे गए हथियारों का जखीरा बरामद किया गया. इनमें पूर्व में पुलिस बल से लूटी गई एक मैगजीन लगी इंसास रायफल, AKM-47 की 208 जिंदा गोलियां और 02 छोटा बंडल कोडेक्स वायर विस्फोटक शामिल हैं.

कुकड़ू हत्याकांड और कई वारदातों में रहे हैं शामिल
पूछताछ में गिरफ्तार नक्सलियों ने खुलासा किया कि वे पूर्व में दलमा क्षेत्र में सक्रिय थे. हाल के दिनों में सारण्डा क्षेत्र में पुलिस की बढ़ती दबिश और छापेमारी के कारण वे इस इलाके में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए घूम रहे थे. इन्होंने स्वीकार किया कि ये कुकड़ू में पुलिस बल की हत्या कर हथियार लूटने की घटना सहित दलमा क्षेत्र में घटित कई नक्सली वारदातों में शामिल रहे हैं.
यह भी पढ़ें: स्व. राकेश कुमार महेन्द्रू की जयंती पर वृक्षारोपण कार्यक्रम सम्पन्न, पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प

