Ranchi: जिला बार एसोसिएशन (RDBA) की बैठक 6 अगस्त 2026 को नये बार भवन के प्रथम तल पर आयोजित की गई. इस बैठक में अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर न्यायिक कार्यों से अलग रहने की घोषणा की है. 7 अगस्त को व्यवहार न्यायालय (सिविल कोर्ट) में अधिवक्ता पूरी तरह कार्य नहीं करेंगे, जबकि एसडीओ कोर्ट (एक्जीक्यूटिव कोर्ट), एलआरडीसी न्यायालय, डीसी न्यायालय, आयुक्त (कमिश्नर) न्यायालय एवं अन्य न्यायिक न्यायालयों में वकीलों का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी रहेगा.

10 अगस्त को आगे की रणनीति होगी तय
सोमवार, 10 अगस्त को फिर से RDBA की बैठक होगी. इसमें आंदोलन की आगे की रूपरेखा और न्यायिक कार्य को लेकर सर्वसम्मति से अगला कदम उठाया जाएगा.


प्रस्ताव का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
यदि कोई अधिवक्ता किसी भी न्यायालय, ट्रिब्यूनल, सेल्स टैक्स या अन्य न्यायिक मंच पर कार्य करता पाया जाता है, तो साक्ष्य के रूप में उसकी फोटो या जानकारी एसोसिएशन को देने को कहा गया है. ऐसा करने वाले वकीलों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी और एसोसिएशन से मिलने वाली सुविधाएं रोकी जा सकती हैं.
एकजुट रहने की अपील
बार एसोसिएशन की एड-हॉक कमिटी के सदस्य शंभू प्रसाद अग्रवाल, संजय कुमार विद्रोही और मुकेश कुमार केशरी ने सभी अधिवक्ताओं से प्रस्ताव का पालन करते हुए अधिवक्ता समाज की एकता और गरिमा बनाए रखने की अपील की है.

