Ranchi: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर जारी विवाद के बीच विभिन्न राजनीतिक दलों, छात्र संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने को लेकर मांगपत्र सौंपा.

पेपर लीक और अनियमितताओं की SIT जांच की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने JPSC, JSSC समेत सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक और अनियमितताओं की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) के गठन की मांग की. उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और छात्रों के भरोसे को बनाए रखने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है. इसके अलावा परीक्षाओं का संचालन किसी भरोसेमंद भारतीय एजेंसी से कराने की भी मांग रखी गई.

लंबित छात्रवृत्ति भुगतान समेत कई मुद्दे उठाए
बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने की मांग भी की. उन्होंने कहा कि छात्रों से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान होना चाहिए, ताकि उन्हें परेशानियों का सामना न करना पड़े.

छात्र आंदोलन को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग
प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि छात्र आंदोलन में किसी संगठित समूह की भूमिका होने के आरोप लगाए जा रहे हैं तो इसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.उन्होंने कहा कि तथ्यों के आधार पर जांच होने से वास्तविक अभ्यर्थियों के शांतिपूर्ण आंदोलन पर किसी प्रकार का सवाल नहीं उठेगा.
सरकार छात्रों के मुद्दों को लेकर गंभीर : संजय प्रसाद यादव
उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार छात्रों से जुड़े मुद्दों को संवेदनशीलता के साथ देख रही है. मंत्री ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल द्वारा रखी गई सभी मांगों और सुझावों को संबंधित विभागों के समक्ष रखा जाएगा, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
ALSO READING: झारखंड विधानसभा मानसून सत्र: ज्वलंत मुद्दों पर बढ़ सकती है सदन की कार्य अवधि, कार्यमंत्रणा समिति में बनी सहमति

