Seraikela : चांडिल थाना क्षेत्र के टाटा रांची मुख्य राज्यमार्ग NH-33 स्थित (गिरधारी होटल) रंगामाटी बस स्टेड के आसपास में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. शव देखकर आसपास लोगों की भीड़ जुट गई और सूचना तत्काल चांडिल थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया. पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं.
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से मिलान कर रही है. स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत प्राकृतिक, दुर्घटना या आपराधिक कारणों से हुई है. चांडिल थाना पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को मृतक की पहचान के संबंध में जानकारी हो तो तुरंत थाना को सूचित करें . मामले की जांच जारी है.

Also Read : पश्चिमी सिंहभूम: सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष शिविर, मतदाता सूची में जुड़वाएं नाम


