Ranchi: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का गुस्सा सातवें आसमान पर है. रांची के ऐतिहासिक जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले कई दिनों से हजारों छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. इसी बीच, आज उस समय स्टेडियम में भारी हंगामा और तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब देश की राजधानी दिल्ली से कई बड़े मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि और एक्टिविस्ट आंदोलन स्थल पर पहुंचे. दिल्ली से आए इन लोगों को देखते ही आंदोलनकारी छात्र आक्रोशित हो गए. छात्रों ने एकजुटता दिखाते हुए न सिर्फ इन मीडिया संस्थानों और एक्टिविस्टों से बात करने से साफ इनकार कर दिया, बल्कि मौके पर ही उनका कड़ा विरोध करते हुए वापस जाने के नारे लगाए. छात्रों के भारी विरोध और तीखे तेवरों को देखते हुए बाहरी मीडिया और एक्टिविस्टों को बैरंग लौटना पड़ा.

आंदोलन हमारा, क्रेडिट लेने बाहरी क्यों आएं?
स्टेडियम में मौजूद आंदोलनकारी छात्रों ने दोटूक शब्दों में कहा कि यह लड़ाई झारखंड के उन गरीब और होनहार छात्रों की है, जिनका भविष्य दांव पर लगा है. जब छात्र महीनों से सड़कों पर सोने को मजबूर थे और भीषण गर्मी-बरसात में संघर्ष कर रहे थे, तब दिल्ली के एसी कमरों में बैठने वाले इन एक्टिविस्टों को उनकी याद नहीं आई. अब जब छात्रों का यह आंदोलन एक बड़े मुकाम पर पहुंच गया है और सरकार पर दबाव बन रहा है, तो ये बाहरी लोग आंदोलन को भुनाने और इसका श्रेय लेने के लिए रांची पहुंच गए हैं.

छात्रों ने साफ किया कि वे अपने हक की लड़ाई खुद लड़ने में पूरी तरह सक्षम हैं. वे किसी भी बाहरी तत्व या तथाकथित बड़े मीडिया घरानों को अपने मंच का इस्तेमाल अपनी राजनीतिक या व्यक्तिगत रोटियां सेंकने के लिए नहीं करने देंगे. छात्रों का आरोप है कि ये लोग सिर्फ अपनी टीआरपी और पब्लिसिटी के लिए छात्रों के जज्बातों का सौदा करने आते हैं.


एकजुटता ने बदली आंदोलन की दिशा
इस घटनाक्रम के बाद जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों की एकजुटता और मजबूत हो गई है. फिलहाल, स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. रांची जिला प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. छात्रों का कहना है कि जब तक जेपीएससी और जेएसएससी की कार्यप्रणाली में पूरी पारदर्शिता नहीं लाई जाती और उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका यह आंदोलन बिना किसी बाहरी बैसाखी के जारी रहेगा.
ALSO READ: दिल्ली के बाद अब झारखंड के छात्रों के बीच पहुंचीं नेहा बोरा

