Ranchi: झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो गया है. राज्य के ऊपर बने कई मौसमी तंत्रों के असर से पिछले 24 घंटों के दौरान लगभग सभी स्थानों पर गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा भी देखने को मिली. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्यभर में बादलों का डेरा रहेगा और लगातार बारिश का यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है.
क्या है मॉनसून की वर्तमान स्थिति
समुद्र तल पर मानसून की अक्षीय रेखा अब गंगानगर, दिल्ली, हमीरपुर, रांची, दीघा से होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है. दक्षिण गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे बांग्लादेश के ऊपर हवा का चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है. इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के तटीय क्षेत्रों में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की प्रबल संभावना है. झारखंड और उसके आसपास तथा दक्षिण उत्तर प्रदेश के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है.

पिछले 24 घंटों का तापमान और वर्षा का हाल
पिछले 24 घंटे मे सबसे अधिक 87.0 मिलीमीटर वर्षा खूंटी जिले के तोरपा में दर्ज की गई. राज्य में सबसे अधिक उच्चतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस पाकुड़ में दर्ज किया गया.सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया. राज्य में अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इसके पश्चात, अगले 3 दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि हो सकती है.

सात से 13 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
• 07 से 09 अगस्त: राज्य के लगभग सभी स्थानों पर आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे तथा हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा या मेघ गर्जन होने की प्रबल संभावना है.
• 10 से 13 अगस्त: इस दौरान भी राज्य के अनेक स्थानों पर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
वज्रपात और भारी बारिश को लेकर चेतावनी
• वज्रपात और तेज हवाएं: राज्य के विभिन्न हिस्सों में कहीं-कहीं गरज के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
• 07 अगस्त: राज्य के दक्षिणी तथा उससे सटे मध्य भागों (लोहरदगा, गुमला, रांची एवं खूंटी) में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है.
• 08 अगस्त: दक्षिणी तथा मध्य भागों (लोहरदगा, गुमला, रांची, खूंटी, रामगढ़ एवं बोकारो) में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है.
• 09 अगस्त: उत्तर-मध्य (कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, धनबाद एवं बोकारो) तथा उत्तर-पूर्वी भागों (देवधर, दुमका, गिरिडीह एवं जामताड़ा) में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है.
राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों का मौसम पूर्वानुमान
• 07 अगस्त: सामान्यतः बादल छाए रहेंगे तथा मध्यम दर्जे की बारिश होगी.
• 08 अगस्त: सामान्यतः बादल छाए रहेंगे तथा मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की जाएगी.
• 09 अगस्त: आसमान में बादल छाए रहेंगे और दिन में दो या अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी.
• 10 अगस्त: बादल छाए रहने के साथ दो या अधिक बार बारिश के आसार हैं.
• 11 से 13 अगस्त: बादलों की लुकाछिपी के बीच एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा का दौर जारी रहेगा.
ALSO READ : हस्तकरघा केवल वस्त्र नहीं, भारत की सांस्कृतिक पहचान और आत्मनिर्भरता का प्रतीकः राज्यपाल

