Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच अनशनकारियों की तबीयत अब धीरे-धीरे बिगड़ने लगी है. शुक्रवार को आमरण अनशन पर बैठे पलामू निवासी राहुल की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रांची सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ICU में भर्ती कर इलाज शुरू किया है. वहीं, दोपहर दो बजे के करीब एक और अनशनकारी छात्र की तबीयत बिगड़ गई. वह मंच पर अचानक नारा लगाते-लगाते बेहोश हो गया. इसके बाद उन्हें मौके पर पहले से मौजूद एंबुलेंस से सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां इमरजेंसी में उनका उपचार किया गया.

स्वास्थ्य मंत्री ने की मुलाकात
राहुल की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी उनके स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए दोपहर करीब 12:30 बजे सदर अस्पताल पहुंचकर उनका हाल-चाल पूछा. इस दौरान उन्होंने इलाज कर रहे डॉक्टर से उनकी सेहत को लेकर जानकारी भी ली. साथ ही बेहतर उपचार प्रबंधन करने को कहा. आंदोलनकारी छात्रों ने छात्रों की लगातार बिगड़ रही तबीयत को देखते हुए वहां 24 घंटे मेडिकल इमरजेंसी टीम की तैनाती की मांग की है.

प्रशासन ने लिया हालात का जायजा
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीओ और एसडीएम सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने चिकित्सकों से राहुल के स्वास्थ्य की जानकारी ली और इलाज की व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

