Ranchi : गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने विधानसभा में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर सरकार से सवाल किया. उन्होंने पूछा कि क्या ST और SC विद्यार्थियों की तरह OBC छात्रों को भी JEE, NEET और सिविल सेवा जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग और आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है.
ST छात्रों को JEE और NEET के लिए मिल रही निःशुल्क आवासीय कोचिंग
विधायक के सवाल के जवाब में सरकार की ओर से बताया गया कि झारखंड अनुसूचित जनजाति शिक्षण कार्यक्रम के तहत अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं को JEE और NEET परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क आवासीय कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. वहीं, अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), नई दिल्ली द्वारा आयोजित सिविल सेवा मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी के लिए एकमुश्त 1.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है.

OBC छात्रों को योजना में शामिल करने पर सरकार का जवाब
प्रदीप यादव ने सरकार से पूछा कि राज्य की बड़ी आबादी वाले OBC वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राएं भी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए संघर्ष कर रहे हैं. ऐसे में क्या सरकार उन्हें भी इन कल्याणकारी योजनाओं में शामिल करने का विचार रखती है. इस पर सरकार ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में OBC छात्र-छात्राओं के लिए कोचिंग एंड एलाइड मद में 100 लाख रुपये का बजट प्रावधान किया गया है.

UPSC तैयारी के लिए OBC छात्रों को आर्थिक सहायता का प्रस्ताव नहीं
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि OBC छात्र-छात्राओं को संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी के लिए आर्थिक सहायता देने से संबंधित कोई प्रस्ताव वर्तमान में विचाराधीन नहीं है.

