Newswave Desk: नितेश तिवारी के निर्देशन में रही फिल्म “रामायण” रिलीज से पहले ही काफी चर्चा में है. फिल्म को लेकर लगातार नए अपडेट सामने आ रहे हैं. अब खबर है कि यह फिल्म रिलीज के मामले में भारतीय सिनेमा का बड़ा रिकॉर्ड बना सकती है. मेकर्स इसे भारत के साथ-साथ दुनियाभर में स्तर पर रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं.

59 हजार स्क्रीन पर रिलीज की तैयारी
फिल्म एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, ‘रामायण’ के इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी सोनी पिक्चर्स के पास है. फिल्म को विदेशों में 50 हजार से ज्यादा स्क्रीन पर रिलीज करने की तैयारी है. वहीं भारत में करीब 9 हजार स्क्रीन पर फिल्म रिलीज हो सकती है. इस तरह दुनियाभर में ‘रामायण’ करीब 59 हजार स्क्रीन पर दिखाई जा सकती है. अगर ऐसा होता है तो यह भारतीय फिल्म की अब तक की सबसे बड़ी थिएट्रिकल रिलीज होगी. इससे पहले ‘पुष्पा 2: द रूल’ करीब 12 से 13 हजार और ‘RRR’ करीब 10 से 11 हजार स्क्रीन पर रिलीज हुई थी.

IMAX समेत प्रीमियम फॉर्मेट में आएगी फिल्म
मेकर्स ने फिल्म का इंग्लिश लिप-सिंक ट्रेलर भी जारी किया है, जिससे इंटरनेशनल दर्शकों को फिल्म की झलक मिल सके. निर्माता नमित मल्होत्रा के मुताबिक, ‘रामायण’ को IMAX समेत कई प्रीमियम फॉर्मेट में रिलीज किया जाएगा. वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी फिल्म की तारीफ कर चुके हैं. उन्होंने कहा था कि अगर फिल्म ऑस्कर नहीं जीतती है तो उन्हें निराशा होगी.

कब रिलीज होगी ‘रामायण’?
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म दो पार्ट में रिलीज होगी. पहला पार्ट 6 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा पार्ट दिवाली 2027 पर रिलीज किया जाएगा.

