Ranchi: JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने आज मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए छात्र मार्च निकाला. डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से शुरू हुआ यह मार्च मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहा था. इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ABVP के कई नेताओं और छात्रों को गिरफ्तार कर लिया. ABVP का आरोप है कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर मार्च कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया और बलपूर्वक गिरफ्तार किया. संगठन के मुताबिक प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी, महानगर मंत्री तुषार दुबे, हर्ष यादव, पिंटू मुंडा, पुनीत और उज्ज्वल कुमार समेत दर्जनों छात्रों को हिरासत में लिया गया.

परीक्षाएं रद्द कर दोबारा कराने की मांग
ABVP ने JPSC और JSSC की उन परीक्षाओं को रद्द करने की मांग की है, जिनकी निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं. संगठन का कहना है कि इन परीक्षाओं को पारदर्शी तरीके से दोबारा कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों के साथ न्याय हो सके. इसके साथ ही परीक्षा में कथित पेपर लीक और अन्य गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है.


यह भी पढ़ें: 10 अगस्त को झारखंड में सड़क पर उतरेंगे किसान-मजदूर, रांची में 3 घंटे चक्का जाम का ऐलान

‘सरकार विद्यार्थियों की आवाज दबा रही’
ABVP नेताओं ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मुद्दे पर सरकार को उनसे बातचीत करनी चाहिए. उनका आरोप है कि मांगों पर जवाब देने के बजाय आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है. संगठन ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में केवल तत्काल कार्रवाई पर्याप्त नहीं है. भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए परीक्षा और भर्ती व्यवस्था में स्थायी सुधार किए जाने की जरूरत है.
पहले भी कई कार्यक्रम कर चुका है ABVP
ABVP के अनुसार, JPSC-JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं का मामला सामने आने के बाद संगठन ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा था. इसके अलावा अलग-अलग शैक्षणिक संस्थानों और शहरों में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया और जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन भी किए गए. ABVP का कहना है कि शनिवार का मार्च भी इसी आंदोलन की अगली कड़ी था.

यह भी पढ़ें: ईरान-‘न पीछे हटेंगे, न सिर झुकाएंगे’ अमेरिका-इजरायल को पेजेशकियान की दो टूक
राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा- आंदोलन जारी रहेगा
ABVP के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता बेहद जरूरी है. उन्होंने छात्रों की गिरफ्तारी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले विद्यार्थियों की आवाज को दबाया नहीं जाना चाहिए. वहीं, ABVP झारखंड के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि JPSC-JSSC की कथित अनियमितताओं से हजारों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए.


