Hazaribagh: आदिवासी महोत्सव-2026 के अवसर पर जिला प्रशासन ने पैराडाइस रिजॉर्ट में भव्य जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया. कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति, लोककला और परंपराओं की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया.

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वागत नृत्य, नागपुरी, कलसा, छऊ, आदिवासी समूह नृत्य, नाट्य मंचन और झारखंडी फैशन शो समेत कई आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए. कलाकारों ने झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक पेश की.

खिलाड़ियों और कलाकारों का सम्मान
फुटबॉल खिलाड़ी अष्टम उरांव, पूर्णिमा कुमारी, एथलीट पृथ्वी उरांव, प्रीति लकड़ा, शिक्षाविद् संतोष कुमार तथा सोहराई कलाकार पुतली गंझू, दिव्या मुर्मू और तारा ज्योत्सना मुर्मू को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया.

संस्कृति संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ नई पीढ़ी को अपनी आदिवासी एवं झारखंडी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

