-
10 अगस्त से जेजे कॉलेज में अनिश्चितकालीन धरना
Koderma: विनोबा भावे विश्वविद्यालय से हटाकर जेजे कॉलेज समेत जिलेभर के डिग्री कॉलेज को जेसी बोस विश्वविद्यालय से जोड़ने का विरोध किया जा रहा है. जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है. आंदोलन को धारदार रूप देने को लेकर रविवार को ब्लॉक रोड स्थित साहू भवन में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई. इसकी अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष महेश भारती ने किया, जबकि संचालन पूर्व छात्र नेता वीरेंद्र कराटे ने किया. संघर्ष समिति ने जेजे कॉलेज व डिग्री कॉलेज बचाने को लेकर सामूहिक एकता प्रदर्शित किया. इस निर्णायक लड़ाई में राजद, कांग्रेस, जेएलकेएम,मजदूर संगठन सीटू एक्ट, अभिभावक संघ, आम आदमी पार्टी, लेफ्ट समेत अभिभावक व समाजसेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने सामूहिक संघर्ष का आह्वान किया. सर्वदलीय बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जेजे कॉलेज समेत जिलेभर के डिग्री कॉलेज को वीबीयू से हटाकर गिरिडीह विश्वविद्यालय से जोड़ना कोडरमा के छात्रों के भविष्य के साथ क्रूर खिलवाड़ है. साथ ही कहा कि कोडरमा के जनप्रतिनिधियों की चुप्पी और निष्क्रियता के कारण ही छात्रों के समक्ष संकट खड़ा हो गया है. कोडरमा के ऐतिहासिक जेजे कॉलेज समेत विभिन्न डिग्री कॉलेज को बचाने के लिए कोडरमा के आम अवाम और छात्रों के पास एकमात्र रास्ता अब आंदोलन ही बचा है. वक्ताओं ने कहा कि जेजे कॉलेज बचाने के लिए पिछले दो महीने से ज्यादा समय से जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति ने हर जनप्रतिनिधियों के समक्ष दस्तक दिया. लेकिन जिस मुद्दे को विधानसभा में गूंजना चाहिए था, उसकी उम्मीद अब धूमिल हो गयी है. इसलिए सरकार तक अपनी मांगों को पहुंचाने के लिए 10 अगस्त से जेजे कॉलेज में अनिश्चित कालीन धरना-प्रदर्शन के जरिये आवा पहुंचाई जाएगी.

यह भी पढ़ें: JPSC आंदोलन पर सरकार की छात्रों से अपील, विधानसभा घेराव का कार्यक्रम रद्द कर लौटें

भूख हड़ताल की चेतावनी
संघर्ष समिति ने कहा कि इस आंदोलन से भी आवाज सरकार तक नही पहुंची तो भूख हड़ताल होगी यह आंदोलन गैर राजनीतिक है और उन्होंने कोडरमा वासियों समेत प्रभावित जिले के आम अवाम व छात्रों से आह्वान किया कि आंदोलन में शामिल हों. छात्र-अभिभावक एकता को सशक्त बनाने की अपील की गयी. संघर्ष समिति ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार और सांसद विधायक का आलोचना करना अपराध नही है, बल्कि लोकतंत्र का मजबूत आधार है. मशाल जुलूस व बैठक में जिप सदस्य शांति प्रिया, नगर पंचायत डोमचांच चेयरमैन उमेश वर्मा, राजद जिलाध्यक्ष महेन्द्र यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश रजक, आप जिलाध्यक्ष महेश यादव, जेएलकेएम कृष्णा यादव, सीटू नेता प्रेम प्रकाश, एक्टू नेता विजय पासवान,मनोज सहाय पिंकू समाजसेवी सुरेंद्र भाई मोदी,महिला नेत्री जूही दास गुप्ता, अभिभावक संघ जिलाध्यक्ष संजय साजन के अलावे संरक्षक राम रतन अवध्या, सईद नसीम, रोहित यादव, सुरेश यादव, इन्द्रदेव राम, एम चंद्रा, तौफीक हुसैन,शं कर दयाल, मो अलीशाद, रवि पासवान के अलावे कई लोग मौजूद थे.


