Koderma: जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के गडगी ठाकुर टोला में सोमवार की अहले सुबह करीब 4 बजे एक जंगली हाथी के गांव में घुसने से अफरा-तफरी मच गई. गांव के बीच हाथी को विचरण करते देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई. लोग तुरंत अपने घरों के अंदर चले गए और सुरक्षित दूरी बनाए रखी. ग्रामीणों के अनुसार, हाथी जंगल की ओर से गांव में आया था. गांव में प्रवेश करने के बाद वह इधर-उधर घूमता रहा और खेतों में लगी फसलों को रौंदना शुरू कर दिया.
3 किसानों की मक्का फसल बर्बाद
हाथी ने उर्मिला देवी, झुनिया देवी और उपेंद्र ठाकुर के खेतों में लगी तैयार मक्का की फसल को रौंदकर नष्ट कर दिया. किसानों के अनुसार, फसल कटाई के करीब थी. हाथी के कारण उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ है. पीड़ित किसानों ने वन विभाग और प्रशासन से फसल का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है. तांडव मचाते हुए हाथी श्याम किशोर ठाकुर के घर के बाहर पहुंच गया. वहां बंधे बछड़े को हाथी ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है. ग्रामीणों ने बताया कि गनीमत रही कि उस समय हाथी के करीब कोई इंसान नहीं था, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी.
हाथियों की आवाजाही से ग्रामीण दहशत में
गडगी ठाकुर टोला सहित आसपास के गांवों में जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है. खासकर रात और अहले सुबह ग्रामीण खेतों और घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने, गांवों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और फसल व पशु नुकसान का जल्द सर्वे कर प्रभावित परिवारों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने की मांग की है. वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और सुरक्षित स्थान पर रहें. घटना के बाद पूरे इलाके में जंगली हाथी को लेकर चिंता का माहौल है.
ALSO READ: ईडी के डायरेक्टर के राहुल नवीन का कार्यकाल एक साल बढ़ा, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

