Simdega: रांची में छात्र संगठनों के प्रस्तावित विधानसभा घेराव को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. इसके असर से सिमडेगा से रांची जाने वाली यात्री बसों का परिचालन सोमवार को पूरी तरह ठप रहा. बसें सिमडेगा बस स्टैंड में खड़ी रहीं और यात्रियों को रांची जाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा.
रविवार दोपहर बाद से ही रांची जाने वाली यात्री बसों का परिचालन बंद
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर बाद से ही प्रशासनिक निर्देश पर सिमडेगा से रांची जाने वाली यात्री बसों का परिचालन बंद है. सोमवार को भी एक भी बस रांची के लिए रवाना नहीं हुई. बस स्टैंड के एजेंटों ने बताया कि प्रशासन के निर्देश के कारण यात्री बसों को रांची भेजने की अनुमति नहीं दी जा रही है. इधर, रांची की ओर जाने वाले छोटे वाहनों की भी प्रशासन द्वारा जांच की जा रही है. जांच के दौरान संदिग्ध लगने वाले वाहनों को वापस लौटाया जा रहा है. प्रशासन की इस कार्रवाई के कारण रांची जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है.
बस स्टैंड से वापस लौट रहे यात्री
बस एजेंट शकील अहमद ने बताया कि प्रशासन के निर्देश के कारण बसों का परिचालन बंद है. इससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है. सिमडेगा जिले में रांची आने-जाने के लिए यात्री बसें परिवहन का प्रमुख साधन हैं. ऐसे में बस सेवा बंद होने से सबसे अधिक परेशानी उन यात्रियों को हो रही है, जिन्हें रांची से आगे दिल्ली समेत अन्य शहरों की ट्रेन पकड़नी है. कई यात्री निर्धारित समय पर बस नहीं मिलने के कारण अपनी ट्रेन छूटने को लेकर चिंतित हैं. वहीं, जरूरी काम से रांची जाने वाले कई यात्रियों को बस स्टैंड से वापस लौटना पड़ा. यात्री अभिनंदन सोरेंग और उत्तम ने बताया कि बस सेवा बंद होने से उन्हें काफी परेशानी हुई है. उन्होंने कहा कि समय पर रांची नहीं पहुंच पाने के कारण उनके जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं.
यह भी पढ़ें: जामताड़ा: आस्था के साथ हो रही दुबे बाबा की पूजा-अर्चना, उमड़ रहे श्रद्धालु
