Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में JPSC- JSSC अभ्यर्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर जारी आंदोलन के बीच राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. एक तरफ जहां हजारों की संख्या में छात्र नए विधानसभा भवन के घेराव के लिए सड़कों पर उतर आए हैं, वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं ने भी मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.
सीएम आवास के बाहर भाजपा का हंगामा, इस्तीफे की मांग
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास के बाहर सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी. प्रदर्शनकारी लगातार मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने सीएम आवास के चारों ओर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए थे और मजबूत बैरिकेडिंग लगाई थी मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है और परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
छात्रों का जुटान: पुराने विधानसभा से नए भवन की ओर मार्च
परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़ी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का जमावड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है.पुराने विधानसभा के गेट के बाहर सैकड़ों की संख्या में छात्र एकत्र हो चुके हैं. हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा, बैनर और तख्तियां लिए अभ्यर्थी अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं. अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर पुराने विधानसभा क्षेत्र से नए विधानसभा भवन की ओर मार्च करने की तैयारी में हैं. प्रदर्शन स्थल पर छात्रों के लगातार पहुंचने का सिलसिला जारी है.
