Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में हुई कथित धांधली के विरोध में छात्र विधानसभा का घेराव करने जा रहे हैं. राज्यभर से हजारों की संख्या में पहुंचे छात्रों ने विधानसभा घेराव के लिए कूच किया. इस आंदोलन के कारण बिरसा चौक से लेकर पुराना विधानसभा मार्ग तक पूरी तरह ठप हो गया. काफी देर तक लगे लंबे जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई, जिसे पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला.
तीन दौर की वार्ता रही बेअसर
छात्रों के उग्र रुख को देखते हुए सरकार गंभीर नजर आई. आंदोलन को शांत कराने और बीच का रास्ता निकालने के लिए सरकार के प्रतिनिधियों और छात्र संगठन के प्रतिनिधियों के बीच तीन अलग-अलग चरणों में वार्ता हुई. हालांकि, छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और सरकार के आश्वासनों से संतुष्ट नहीं हुए. तीनों ही बार बातचीत पूरी तरह बेनतीजा और असफल रही. वार्ता टूटने के बाद नाराज छात्र प्रतिनिधियों ने आर-पार की लड़ाई का एलान करते हुए विधानसभा घेराव के अपने पूर्व घोषित निर्णय को आगे बढ़ाया.
छात्रों का आरोप.. युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़
आंदोलन कर रहे छात्रों का कहना है कि JPSC और JSSC की परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर विसंगतियां और धांधली हुई है. योग्य अभ्यर्थियों को दरकिनार कर अपारदर्शिता बरती जा रही है. छात्रों की मांग है कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो. जब तक उनकी मांगें धरातल पर पूरी नहीं होतीं, वे अपना आंदोलन वापस नहीं लेंगे.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर पुलिस
छात्रों के इस बड़े प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है. बिरसा चौक, पुराना विधानसभा और नए विधानसभा मार्ग समेत सभी संवेदनशील चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. जगह-जगह बैरिकेडिंग कर छात्रों को रोकने का प्रयास किया जा रहा है. आला अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है, लेकिन शहर की रफ्तार फिलहाल थम सी गई है.
यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC परीक्षाओं में धांधली का आरोप: उग्र हुआ छात्रों का आंदोलन, विधानसभा की ओर बढ़े छात्र
