Ranchi: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में विधानसभा घेराव कर रहे छात्रों के प्रदर्शन के दौरान स्थिति उग्र हो गई. छात्रों की ओर से पुलिस बल पर पथराव किए गए हैं.

पथराव में पुलिसकर्मी घायल
जगन्नाथपुर मंदिर के पीछे आंदोलन कर रहे छात्र अचानक उग्र हो गए. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के ऊपर पत्थर और जूते-चप्पल फेंकना शुरू कर दिया. पुलिस ने छात्रों को रोकने की कोशिश की, जिसके बाद प्रदर्शनकारी और आक्रोशित हो गए और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने लगे साथ ही पथराव भी किया.
पथराव की घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया. घायल पुलिसकर्मी को मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. वहीं, मौके पर पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है.
विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश
छात्र लगातार बैरिकेडिंग पार कर विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि पुलिस बल उन्हें रोकने की कोशिश में जुटा है. इससे पहले प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया था.

स्थिति पर पुलिस की नजर
मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है. प्रशासन की ओर से छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की जा रही है.
