News Wave Desk: सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक सोफा फैक्ट्री में लगी भीषण आग में 16 बांग्लादेशी मजदूरों की मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे की जानकारी देते हुए बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई है. बताया जा रहा है, कि यह हादसा रविवार को रियाद के मूसा सनैया इलाके में स्थित सोफा फैक्ट्री में हुआ. फैक्ट्री में आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया. इस घटना के बाद इलाके में अफर-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची राहत व बचाव दल ने स्थिति को संभालने का कम शुरू किया.
मृतकों के शवों को वापस देश भेजने में जुटे अधिकारी
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने इस घटना पर मृतकों के परिवार के प्रति गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, कि इस मुश्किल घड़ी में बांग्लादेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद करने का प्रयास कर रही है. बता दें, बांग्लादेश विदेश मंत्रालय पूरे ममले पर नजर बनाए हुए है. वहीं, रियाद स्थित बांग्लादेशी दूतावास अधिकारी, सऊदी अरब के संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है. साथ ही मृतकों की पहचान, कानूनी प्रक्रिया और शवों को बांग्लादेश भेजने से जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा करने में जुटे हैं. इतना ही नहीं, हादसे में प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी बांग्लादेशी दूतावास की ओर से पहल की जा रही है.
मौके पर पहुंचा बांग्लादेशी दूतावास का प्रतिनिधिमंडल
बांग्लादेशी दूतावास ने अपने बयान में बताया, कि आग की सूचना मिलते ही एक प्रतिनिधिमंडल ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय अधिकारियों से संपर्क कर हादसे की परिस्थितियों और प्रभावित लोगों से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी थी. बांग्लादेश सरकार के अधिकारियों के निर्देश पर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. इनमें मृतकों की पहचान की पुष्टि, स्थानीय स्तर पर आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करना और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता मुहैया कराना शामिल है.
आग लगने की वजह की जानकारी का इंतजार
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3 बजकर 30 मिनट पर फैक्ट्री में आग लगी थी. हालांकि, आग किन कारणों से लगी और उस दौरान कितने लोग फैक्ट्री में मौजूद थे, इससे जुड़ी जानकारी सामने आना बाकी है. फिलहाल सऊदी अरब के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं. वहीं, बांग्लादेशी दूतावास भी संबंधित अधिकारियों के संपर्क में रहकर मामले की जानकारी जुटाने में लग गया है.
यह भी पढ़ें: भारत का गलत नक्शा देख भड़कीं लवलीना बोरगोहेन, मंच से ही दर्ज कराई कड़ी आपत्ति
