Seraikela-Kharsawan: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR-2026 को लेकर मंगलवार को सरायकेला-खरसावां जिले में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में NIC सभागार में हुई बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ SIR प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम, प्रारूप मतदाता सूची, दावा-आपत्ति और सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई. अधिकारियों ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को हो चुका है. मतदाता सूची को लेकर दावा और आपत्ति दाखिल करने की अवधि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक निर्धारित की गई है. वहीं अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा.
8.92 लाख मतदाताओं में 7.66 लाख ने जमा किया गणना प्रपत्र
बैठक में SIR-2026 के गणना चरण की प्रगति की भी जानकारी दी गई. बताया गया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चले गणना चरण के दौरान जिले में कुल 8,92,189 मतदाताओं में से 7,66,713 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र यानी Enumeration Form जमा किया. इन प्रपत्रों को डिजिटाइज किया जा चुका है.वहीं 1,24,576 गणना प्रपत्र ऐसे पाए गए, जिन्हें एकीकृत नहीं किया जा सका. इनमें डुप्लीकेट से जुड़े 9,088, मृत मतदाताओं से संबंधित 26,242, स्थानांतरित 39,431, अनुपस्थित 45,417 तथा Foreigners & Others श्रेणी के 4,398 मामले शामिल हैं.
तीन विधानसभा क्षेत्रों में 2.34 लाख नोटिस मामले
अधिकारियों के अनुसार जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,34,432 नोटिस मामले दर्ज किए गए हैं. इनमें इचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 62,129, सरायकेला में 1,12,156 और खरसावां विधानसभा क्षेत्र में 60,147 मामले शामिल हैं.बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रारूप मतदाता सूची और ASDDF सूची का बारीकी से अवलोकन करने को कहा गया. यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में नहीं है या किसी तरह की त्रुटि पाई जाती है, तो निर्धारित समय सीमा में दावा या आपत्ति दाखिल करने की जानकारी दी गई.
नाम जोड़ने और संशोधन के लिए इन प्रपत्रों का होगा इस्तेमाल
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने और आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया. इसके लिए प्रपत्र-6, 6A, 7 और 8 के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने की जानकारी दी गई.
BLA-2 की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि SIR-2026 को बेहतर तरीके से पूरा करने और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में बूथ लेवल एजेंट यानी BLA-2 की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है.उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने-अपने BLA-2 को सक्रिय रूप से प्रक्रिया में शामिल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि प्रारूप मतदाता सूची और संबंधित सूचियों का सूक्ष्मता से अवलोकन करें और जरूरत पड़ने पर निर्धारित अवधि के भीतर दावा एवं आपत्ति दाखिल करें.
योग्य नाम न छूटे, अयोग्य नाम न जुड़े
उपायुक्त ने कहा कि यह सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो.उन्होंने निर्वाचन तंत्र, राजनीतिक दलों और उनके प्रतिनिधियों से निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्य आधारित तरीके से मिलकर काम करने की अपील की, ताकि SIR-2026 की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके और एक शुद्ध, त्रुटिरहित एवं समावेशी मतदाता सूची तैयार हो.
अगस्त-सितंबर में होंगे विशेष कैंप
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई. 15 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक ग्राम पंचायत भवनों और शहरी क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसके अलावा 22 और 23 अगस्त 2026 को द्वितीय विशेष कैंप लगाया जाएगा. वहीं 25 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक Home to Roll Verification कार्यक्रम चलेगा. बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 57-खरसावां विधानसभा क्षेत्र-सह-अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.
ALSO READ: झारखंड के छात्रों पर राहुल गांधी की चुप्पी पर बरसे धर्मेंद्र प्रधान, बोले- ‘कांग्रेस का लोकतंत्र भी Selective’
