Jamtara: रांची में JSSC, JPSC और CGL परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा की ओर से सोमवार को झारखंड बंद का आह्वान किया गया. बंद के तहत जामताड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में बाजार का दौरा किया और दुकानदारों से अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की. भाजपा नेताओं के मुताबिक, बाजार के कई दुकानदारों ने स्वेच्छा से दुकानें बंद कर बंद का समर्थन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों के आंदोलन और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा.
छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि झारखंड के हजारों युवा प्रतियोगी परीक्षाओं के जरिए सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षाओं में कथित धांधली और प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाओं से मेहनत करने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय विद्यार्थियों के भविष्य पर असर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ कथित अन्याय को भाजपा स्वीकार नहीं करेगी. इसी के विरोध में पार्टी ने राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है.
पूर्व मंत्री ने सरकार पर साधा निशाना
पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर लगातार सामने आ रहे विवादों से युवाओं में निराशा बढ़ रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार समय पर नियुक्तियां नहीं कर पा रही है और परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के कारण युवाओं का नौकरी पाने का सपना प्रभावित हो रहा है. उन्होंने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.
परीक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार से जवाब की मांग
भाजपा नेता माधव महतो ने छात्रों पर लाठीचार्ज को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि JPSC, JSSC-CGL समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों को सरकार को गंभीरता से लेना चाहिए और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए.
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
बाजार भ्रमण और बंद के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, जिला महामंत्री कमलेश मंडल और अभय सिंह, भाजपा नेता विनोद मंडल, महेंद्र मंडल, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, दिलीप हेम्ब्रम, सुजाता सिंह, संजू देवी, मितेश शाह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, रंजीत तिवारी, जावेद अंसारी, अंजनी तिवारी, ब्रजेश राउत और प्रवीण मिश्रा समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ALSO READ: पलामू : पौधरोपण और पर्यावरण संदेश के साथ केंद्रीय विद्यालय के वार्षिकोत्सव का आगाज
