Palamu: स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, अनुशासित और गरिमामय तरीके से संपन्न कराने के लिए हुसैनाबाद नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शशि शेखर सुमन ने की. बैठक में नगर पंचायत के सभी कर्मियों, सफाई निरीक्षकों और सुपरवाइजरों ने भाग लिया.
शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश
कार्यपालक पदाधिकारी शशि शेखर सुमन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों, महापुरुषों की प्रतिमा स्थल और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि 15 अगस्त से पहले शहर के हर कोने की मुकम्मल सफाई सुनिश्चित की जाए, नालियों की सफाई हो और जमा कचरे को तुरंत हटाया जाए.
इसके अतिरिक्त, उन्होंने विभिन्न सरकारी व सार्वजनिक स्थलों पर झंडोत्तोलन की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने समय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और शहर के मुख्य मार्ग, चौक-चौराहों और महापुरुषों के प्रतिमा स्थलों की गहन सफाई के निर्देश दिए. झंडोत्तोलन स्थलों के सौंदर्यीकरण को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी ने सभी सफाई कर्मियों व अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा.
बैठक के अंत में शशि शेखर सुमन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय स्वाभिमान का पर्व है, इसलिए इसकी तैयारियों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इस मौके पर सिटी मैनेजर सुधांशु तिवारी, अभिजीत दुबे, अजीत कुमार, राकेश सिंह सहित नगर पंचायत के सभी कर्मी उपस्थित थे.
