Newswave desk: अमेरिकी अदालत द्वारा उद्योगपति गौतम अदाणी और उनके सहयोगियों के खिलाफ आपराधिक आरोप खारिज किए जाने के बाद कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने प्रधानमंत्री को ‘कंप्रोमाइज्ड पीएम’ बताते हुए आरोप लगाया कि देश के हितों को नुकसान पहुंचाया गया है.
राहुल गांधी ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने अपने एक्स खाते पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में जितना दिखाई दे रहा है, उससे कहीं ज्यादा है. उन्होंने दावा किया कि एक समझौता कर चुके प्रधानमंत्री को भारत का हित बेचने के लिए मजबूर किया गया और इसकी कीमत देश को चुकानी पड़ रही है.
अमेरिकी अदालत ने अदाणी के खिलाफ आरोप किए खारिज
अमेरिका के ईस्टर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ न्यूयॉर्क के जिला न्यायाधीश निकोलस गाराउफिस ने गौतम अदाणी, सागर अदाणी और उनके सहयोगी विनीत जैन के खिलाफ आपराधिक आरोपों को खारिज कर दिया. यह मामला अमेरिकी सरकार के अनुरोध पर समाप्त हुआ. इसके साथ ही अदालत ने अदाणी और अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग के बीच हुए समझौते को भी अंतिम रूप दिया. इसके तहत अदाणी पक्ष अमेरिकी सरकार को 1.8 करोड़ डॉलर का भुगतान करेगा. रिपोर्ट के अनुसार, इस समझौते में किसी अपराध को स्वीकार नहीं किया गया है.
2024 में लगे थे गंभीर आरोप
अमेरिकी न्याय विभाग ने 2024 में अदाणी समूह और उसके सहयोगियों के खिलाफ अभियोग सार्वजनिक किया था. इसमें आरोप लगाया गया था कि भारतीय सरकारी संस्थाओं से सौर ऊर्जा से जुड़े अनुबंध हासिल करने के लिए करीब 26.5 करोड़ डॉलर की रिश्वत देने की योजना बनाई गई थी. अदाणी समूह ने पहले इन आरोपों को खारिज किया था.
अदाणी ने फैसले पर क्या कहा?
अमेरिकी अदालत के फैसले के बाद गौतम अदाणी ने सामाजिक माध्यम एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए न्यायिक प्रक्रिया के प्रति सम्मान जताया. उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण दौर में भी उनका विश्वास सत्य, निष्पक्षता और कानून के शासन में बना रहा.
ALSO READ : इंडिगो फ्लाइट के बाएं इंजन में तकनीकी खराबी, चेन्नई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, 224 लोग थे सवार
