Pakur: नगर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग इलाकों में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया. बड़ी अलीगंज मोहल्ले में पूर्व डीएसपी के मकान में किराये पर रहने वाले व्यवसायी संजय भगत के घर और तिरंगा चौक के पास जिला पुलिस बल के जवान निसार अहमद के घर में चोरी हुई. वहीं, एक अधिवक्ता के घर में भी चोरी का असफल प्रयास किया गया. चोर दोनों घरों से जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
व्यवसायी के घर खिड़की का ग्रिल काटकर घुसे चोर
बड़ी अलीगंज मोहल्ले में पूर्व डीएसपी के मकान के दूसरे तल्ले पर व्यवसायी संजय भगत किराये पर रहते हैं. वह अपने गांव अमड़ापाड़ा गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे. इसी दौरान चोरों ने खिड़की का ग्रिल काटकर घर में प्रवेश किया और अलमारी तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली. संजय भगत के अनुसार, चोरी की जानकारी सुबह हुई. फिलहाल घर से चोरी हुए सामान और उसकी कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है.
पुलिसकर्मी के घर चोरों से हुआ आमना-सामना
दूसरी घटना तिरंगा चौक के पास पुलिसकर्मी निसार अहमद के घर हुई. निसार अहमद जिला पुलिस बल में जवान हैं और उनकी ड्यूटी एसपी आवास में है. मंगलवार रात वह ड्यूटी पर थे. इसी दौरान चोर घर का ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी से सामान निकाल रहे थे. इसी बीच निसार अहमद घर पहुंच गए. कमरे में प्रवेश करते ही उनकी नजर चोरों पर पड़ी. निसार अहमद के मुताबिक, चोरों ने उन्हें देखते ही गुलेल से हमला किया और मौके से फरार हो गए. उन्होंने बताया कि सभी चोर ‘बोल बम’ के वेश में थे.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर नगर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
ALSO READ: अमित शाह की विपक्ष को चुनौती: हर सवाल का जवाब देने को तैयार सरकार, 3 बजे शुरू होगी चर्चा
