Giridih: शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए बुधवार को जिला प्रशासन ने टावर चौक से पचंबा तक विशेष अभियान चलाया. अभियान का नेतृत्व सदर SDM धीरेन्द्र कुमार ने किया.
सड़क किनारे लगे ठेले-खोमचों की हुई जांच
अभियान के दौरान प्रशासन की टीम ने सड़क किनारे लगाए गए ठेले-खोमचे और अन्य दुकानों की जांच की. नियमों का उल्लंघन करने वाले कई दुकानदारों के चालान काटे गए. वहीं, सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने वालों पर भी कार्रवाई करते हुए चालान किया गया.
प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि शहर की मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. प्रशासन ने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण होने से यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है.
SDM बोले- लगातार जारी रहेगा अभियान
मीडिया से बातचीत में सदर SDM धीरेन्द्र कुमार ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम लगातार कार्रवाई कर रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और गिरिडीह से पचंबा तक सड़क को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप
अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त, डीएसपी, पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों के साथ नगर निगम के कर्मी भी मौजूद रहे. प्रशासन की कार्रवाई से सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने वालों और बेतरतीब वाहन खड़ा करने वालों में हड़कंप देखा गया.
आम लोगों ने कार्रवाई का किया स्वागत
प्रशासन की इस कार्रवाई का आम लोगों ने स्वागत किया. लोगों ने उम्मीद जताई कि अतिक्रमण हटाने का अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा, जिससे शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था सुचारू होगी और लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी.
