भक्ति और आस्था से गूंजा मेदिनीनगर, राम जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभा यात्रा

पलामू: मेदिनीनगर में वासंतिक नवरात्र और भारतीय नव वर्ष के शुभ अवसर पर विश्व हिंदू परिषद, पलामू द्वारा भव्य शोभा यात्रा निकाली...

पलामू: मेदिनीनगर में वासंतिक नवरात्र और भारतीय नव वर्ष के शुभ अवसर पर विश्व हिंदू परिषद, पलामू द्वारा भव्य शोभा यात्रा निकाली गई. इस उत्सव की शुरुआत जिला कार्यालय में आयोजित राम जन्मोत्सव कार्यक्रम से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में रामभक्तों ने हिस्सा लिया. उल्लेखनीय है कि विश्व हिंदू परिषद ने आगामी 2 अप्रैल 2026 तक पूरे जिले में 200 स्थानों पर राम जन्मोत्सव आयोजित करने का लक्ष्य रखा है, जिसकी सफल शुरुआत जिला मुख्यालय से हुई.

सामाजिक समरसता और संयुक्त परिवार पर जोर

कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ता और विहिप के प्रांत सेवा टोली सदस्य सह पलामू जिला पालक दामोदर मिश्र ने कुटुंब प्रबोधन और सामाजिक समरसता के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने वर्तमान समय में टूटते संयुक्त परिवारों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक एकता की नींव परिवार की एकजुटता में ही निहित है. उन्होंने कहा कि व्यस्त दिनचर्या और एकल परिवार की संस्कृति के कारण आज परिवारों में साथ बैठने और संवाद करने की परंपरा समाप्त हो रही है, जिसे पुनः जीवित करना आवश्यक है.

भगवान राम के जीवन से दी एकता की सीख

उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन को सामाजिक समरसता का सबसे बड़ा उदाहरण बताते हुए कहा कि माता शबरी के जूठे बेर खाना और निषाद राज व सुग्रीव जैसे वंचित वर्ग के लोगों से मित्रता करना हमें आपसी भेदभाव मिटाने की प्रेरणा देता है.

Also Read: NH-39 की समस्याओं पर दिल्ली में अहम बैठक, सांसद विष्णु दयाल राम ने NHAI चेयरमैन से की मुलाकात

आरती के बाद निकली भव्य शोभा यात्रा

भगवान श्री राम की आरती के साथ जन्मोत्सव कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसके बाद शहर की सड़कों पर भगवा ध्वजों के साथ भव्य शोभा यात्रा निकाली गई. इस दौरान पूरा शहर जय श्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा.

जनप्रतिनिधियों और संगठनों की रही भागीदारी

इस आयोजन में पांकी विधायक शशि भूषण मेहता, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, महावीर समिति के जनरल राकेश कुमार सिंह उर्फ मंगल सिंह और विहिप के जिला मंत्री अमित तिवारी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में मातृ शक्ति और दुर्गा वाहिनी की बहनों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.

संगठन के उद्देश्य और भविष्य की योजना पर चर्चा

दामोदर मिश्र ने अपने संबोधन में विश्व हिंदू परिषद की स्थापना से लेकर अब तक की उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी. उन्होंने बताया कि संगठन का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करना है.

धर्म और संस्कृति की उन्नति का लिया संकल्प

इस अवसर पर बजरंग दल, श्री राम सेना और विभिन्न हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए धर्म और संस्कृति की उन्नति के लिए सामूहिक संकल्प लिया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *