हजारीबाग: बगोदर में प्रमंडलीय आयुक्त का औचक निरीक्षण, SIR-2026 से लेकर राजस्व मामलों तक की समीक्षा, अफसरों को दिए सख्त निर्देश

Hazaribagh: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने बगोदर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया. उनके आगमन पर जिला...

Hazaribagh: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने बगोदर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया. उनके आगमन पर जिला प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद उपायुक्त रामनिवास यादव, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी समेत अन्य वरीय पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया.

SIR-2026 की प्रगति का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे SIR-2026 यानी Special Intensive Revision की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित कार्यों, प्राप्त दावा-आपत्तियों और उनके निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली. आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित समय-सीमा का पूरी तरह पालन किया जाए. दावा और आपत्ति से जुड़े मामलों का नियमानुसार निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर उन्होंने विशेष जोर दिया.

राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

अंचल कार्यालय के राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने राजस्व संग्रह, लंबित मामलों, विभिन्न प्रमाण-पत्रों और भूमि से जुड़े प्रकरणों की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार निपटाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि राजस्व प्रशासन सीधे आम लोगों से जुड़ा है. इसलिए मामलों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए.

योजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर

प्रमंडलीय आयुक्त ने प्रखंड स्तर पर संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी और विकास योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा की. उन्होंने पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचने की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करने और नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने पर जोर दिया.

आम लोगों की शिकायतों का जल्द हो समाधान

निरीक्षण के दौरान आमजनों से प्राप्त शिकायतों और आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की भी समीक्षा की गई. आयुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और संवेदनशील समाधान सुशासन की महत्वपूर्ण कसौटी है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित समाधान किया जाए. साथ ही कार्यालय आने वाले नागरिकों को आवश्यक प्रशासनिक सेवाएं सम्मानपूर्वक और सुगमता से उपलब्ध कराने को कहा.

बायोमेट्रिक उपस्थिति और कार्यालय अनुशासन की जांच

आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति, बायोमेट्रिक अटेंडेंस और कार्यालयीन अनुशासन की भी समीक्षा की. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए पदाधिकारियों और कर्मियों की नियमित एवं समय पर उपस्थिति जरूरी है. उन्होंने सभी कर्मियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ जनोन्मुखी दृष्टिकोण जरूरी है. उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी बगोदर-सरिया संतोष गुप्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी बगोदर निशा कुमारी, अंचलाधिकारी बगोदर प्रवीण कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
ALSO READ: हजारीबाग: बगोदर में प्रमंडलीय आयुक्त का औचक निरीक्षण, SIR-2026 से लेकर राजस्व मामलों तक की समीक्षा, अफसरों को दिए सख्त निर्देश

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *