न्यूज वेव डेस्क
भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने की दिशा में एक के बाद एक बड़े फैसले लिए हैं. राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम के ऐलान के अगले ही दिन पार्टी ने कई राज्यों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति कर दी. इस बदलाव को आगामी चुनावों और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है. भाजपा ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात समेत कई राज्यों की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को सौंपी है. पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है. उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है.
यूपी में तावड़े के सामने बड़ी जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश भाजपा के लिए सबसे अहम राज्यों में शामिल है. ऐसे में विनोद तावड़े को यहां का प्रभारी बनाना संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. उन्हें राज्य में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की जिम्मेदारी संभालनी होगी. वहीं भाजपा सांसद सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया गया है. गुजरात की जिम्मेदारी तरुण चुघ को सौंपी गई है.
एक दिन पहले सामने आई थी नई राष्ट्रीय टीम
भाजपा ने इससे पहले सोमवार को राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई सूची जारी की थी. इस टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की वापसी ने खासा ध्यान खींचा. उन्हें राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है. राष्ट्रीय महासचिवों की सूची में महाराष्ट्र से विनोद तावड़े, दिल्ली से सुनील बंसल, त्रिपुरा से बिप्लब कुमार देब, राजस्थान से सतीश पूनिया, मध्य प्रदेश से गजेंद्र पटेल, उत्तर प्रदेश से हरीश द्विवेदी और हरियाणा से संजय भाटिया शामिल हैं. बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव संगठन के पद पर बने हुए हैं. वहीं मुंबई से शिवप्रकाश और चंडीगढ़ से सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव संगठन की जिम्मेदारी दी गई है.
13 नेताओं को बनाया गया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
भाजपा की नई टीम में 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी गई है. इनमें राजस्थान की वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड के तीरथ सिंह रावत, दिल्ली के राम माधव, ओडिशा के बैजयंत जय पांडा और आंध्र प्रदेश की डी। पुरंदेश्वरी शामिल हैं. इसके अलावा उत्तर प्रदेश से रेखा वर्मा और तारिक मंसूर, गुजरात से वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, महाराष्ट्र से भारती प्रवीण पवार, पंजाब से मनप्रीत सिंह बादल, मध्य प्रदेश से लाल सिंह आर्य, कर्नाटक से एम। नागराज और पश्चिम बंगाल से मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है.

संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी
भाजपा की राष्ट्रीय टीम और राज्य प्रभारियों में लगातार किए जा रहे बदलावों से साफ है कि पार्टी संगठन को आने वाले चुनावों के लिए नए सिरे से तैयार करने में जुटी है. वरिष्ठ नेताओं को राज्यों की जिम्मेदारी देकर संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और स्थानीय स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने की कोशिश की गई है. अब नई जिम्मेदारियों के साथ पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती राज्यों में संगठन को सक्रिय रखने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और आगामी चुनावी रणनीति को जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करने की होगी.
ALSO READ: JSSC परीक्षा गड़बड़ी मामला: CID मुख्यालय में सचिव सुधीर गुप्ता से लगातार दूसरे दिन पूछताछ, कई सवालों पर नहीं मिले संतोषजनक जवाब
