Women’s Hockey World Cup 2026: महिला हॉकी विश्व कप 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 6-1 से रौंद दिया. एम्स्टलवीन के वेगनर हॉकी स्टेडियम में खेले गए पूल डी के मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा और एकतरफा अंदाज में मुकाबला अपने नाम किया. विश्व कप में यह भारत की पहली जीत है. इससे पहले भारतीय टीम ने चीन के खिलाफ अपना पहला मुकाबला 2-2 से ड्रॉ खेला था. इस शानदार जीत के बाद भारत के दो मैचों में एक जीत और एक ड्रॉ के साथ चार अंक हो गए हैं और टीम पूल डी की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है.
भारत ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की
भारत ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की. टीम को 10वें मिनट में सुनेलिता टोप्पो ने गोल कर शुरुआती बढ़त दिलाई. पहले क्वार्टर के समाप्त होने तक भारत 1-0 से आगे रहा. दक्षिण अफ्रीका ने बराबरी के लिए कुछ अच्छे प्रयास किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उसके हर हमले को नाकाम कर दिया. पहले 15 मिनट में भारत ने अपनी बढ़त बरकरार रखी.
हाफ टाइम तक भारतीय टीम 3-0 से आगे थी
दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने अपनी आक्रामकता और बढ़ा दी. 16वें मिनट में नवनीत कौर ने पेनल्टी को गोल में तब्दील करते हुए भारत की बढ़त 2-0 कर दी. इसके बाद भारत लगातार दक्षिण अफ्रीका के सर्कल में दबाव बनाता रहा. 24वें मिनट में सुशीला चानू ने शानदार गोल कर भारत को 3-0 की बढ़त दिला दी. उन्होंने 24वें मिनट पर टीम के लिए तीसरा गोल किया. हाफ टाइम तक भारतीय टीम 3-0 से आगे थी और मुकाबले पर उसकी मजबूत पकड़ बन चुकी थी.
तीसरे क्वार्टर तक भारत 6-0 से आगे था
तीसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने दक्षिण अफ्रीका को वापसी का कोई मौका नहीं दिया. 37वें मिनट में दीपिका ने गोल कर भारत की बढ़त 4-0 कर दी. इसके बाद लालरेसियामी ने 43वें मिनट में गोल कर स्कोर 5-0 कर दिया. इसके तुरंत बाद 44वें मिनट में राणा साक्षी ने भारत के लिए छठा गोल दाग दिया. तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारत 6-0 से आगे था और मुकाबला पूरी तरह उसके नियंत्रण में था.
दक्षिण अफ्रीका ने किया एकमात्र गोल
चौथे क्वार्टर में भारत ने अपनी बढ़त को बनाए रखा, हालांकि दक्षिण अफ्रीका आखिरकार भारतीय डिफेंस को भेदने में सफल रहा. दक्षिण अफ्रीका की कायला डी वाल ने 55वें मिनट के करीब गोल कर अपनी टीम का खाता खोला. इसके बाद दोनों टीमों की ओर से कोई और गोल नहीं हुआ और मुकाबला भारत के पक्ष में 6-1 के स्कोर पर समाप्त हुआ.
