Chaibasa: झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन के पक्ष में फैसला आने के बाद पश्चिमी सिंहभूम जिला निवासी झारखंड युवा कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. इस दौरान प्रदेश सरकार के कई कैबिनेट मंत्री एवं महागठबंधन के नेता मौजूद रहे. बैठक में रांची महानगर कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष कुमार राजा भी उपस्थित थे. राजधानी रांची में आयोजित इस महत्वपूर्ण राजनीतिक बैठक में महागठबंधन के तमाम नेता शामिल हुए. बैठक में राहुल गांधी की मुहिम ‘छात्रों की गूंज’ के तहत छात्रों के हित में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सौरभ अग्रवाल भी मौजूद रहे. इस दौरान उनके द्वारा छात्र हित में किए गए कार्यों की नेताओं ने सराहना की. सौरभ अग्रवाल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को छात्रों के हित में ऐतिहासिक फैसला लेने के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार और राहुल गांधी ने JPSC एवं JSSC CGL से जुड़े मामलों में जिस गंभीरता और संवेदनशीलता का परिचय दिया है, उससे पूरे देश को सीख लेनी चाहिए. उन्होंने कहा कि फैसले के बाद छात्रों में खुशी और उत्साह का माहौल है. उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार परीक्षा सुधार की दिशा में भी हरसंभव प्रयास आगे जारी रखेगी, ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और छात्रों का विश्वास कायम रहे.
यह भी पढ़ें: रांची के कोकर चौक के पास जोरदार धमाका, दुकान और घरों के शीशे टूटे, जांच में जुटी पुलिस
