Chaibasa: जैंतगढ़ स्थित वैतरणी नदी पर बने वैतरणी पुल की एप्रोच सड़क जर्जर हो गई है. सड़क पर तालाबनुमा गड्ढे बनने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उड़ीसा क्षेत्र की ओर पुल की एप्रोच सड़क की स्थिति काफी खराब है. वहीं, चंपुआ बस पड़ाव के सामने भी बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. इस गंभीर समस्या के विरोध में कांग्रेस पीसीसी सदस्य गुरबक्श सिंह अहलूवालिया के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और स्थानीय लोगों ने बुधवार को अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया. एनएच-20 स्थित वैतरणी पुल की एप्रोच सड़क और चंपुआ बस स्टैंड के सामने बने गड्ढों में धान की रोपनी कर सरकार और संबंधित विभाग का ध्यान सड़क की बदहाल स्थिति की ओर आकर्षित कराया गया.

एनएच-20 के बावजूद सड़कों की हालत खराब
गुरबक्श सिंह अहलूवालिया ने कहा कि वैतरणी पुल, उसकी एप्रोच सड़क और चंपुआ बस स्टैंड की सड़क एनएच-20 के अंतर्गत आती हैं. इसके बावजूद सड़कों की जर्जर स्थिति को लेकर केंद्र और ओडिशा सरकार गंभीर नहीं है. उन्होंने कहा कि चंपुआ एक सब-डिवीजन टाउन होने के साथ-साथ एनएसी क्षेत्र भी है, जहां अधिकारियों की मौजूदगी रहती है, लेकिन नगर की सड़कों, एनएच-20 और वैतरणी पुल की एप्रोच सड़क की स्थिति पर किसी का ध्यान नहीं है.
उन्होंने कहा कि इसी उपेक्षा के विरोध में कांग्रेस ने आम जनता के साथ मिलकर सड़क के गड्ढों में धान की रोपनी कर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया है. सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि आए दिन यातायात बाधित हो रहा है और आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है.
ट्रक खराब होने और गड्ढे में वाहन फंसने से लगा जाम
बताया गया कि बुधवार सुबह एक ट्रक का गुल्ला टूट जाने के कारण करीब दो घंटे तक सड़क जाम रही. इसके बाद वैतरणी पुल की एप्रोच सड़क पर बने गहरे गड्ढे में एक वाहन फंस गया, जिसके कारण दोपहर 1:15 बजे से 2:15 बजे तक करीब एक घंटे तक सड़क जाम रही. इस दौरान स्कूली बच्चों, स्कूल बस समेत कई वाहन जाम में फंसे रहे. लगातार हो रही परेशानी से स्थानीय लोगों में आक्रोश है. कांग्रेस नेताओं और आम जनता ने सड़क पर धान की रोपनी कर सरकार, प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. साथ ही जर्जर सड़क और पुल की एप्रोच सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की.
ALSO READ: पत्नी को रंग रूप के लिए ताने मारना IPC 498A के तहत क्रूरता नहीं, हाईकोर्ट ने रद्द किया क्रिमिनल केस

