चाईबासा: जिले के सारंडा वन क्षेत्र बुधवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा. राज्य में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे निरंतर अभियान के बीच सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित नक्सली संगठन के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है. जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ एक करोड़ के इनामी माओवादी मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ हो रही है.
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ सामना:
जानकारी मुताबिक, सारंडा के घने जंगलों में पिछले कुछ दिनों से नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस बल के जवानों ने एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया था. बुधवार को जब जवान जंगल के भीतरी इलाकों में तलाशी ले रहे थे, उसी समय नक्सलियों का एक दस्ता अपना कैंप शिफ्ट करने की कोशिश कर रहा था. सुरक्षाबलों को देखते ही नक्सलियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की.
भारी नुकसान की आशंका:
सूत्रों के हवाले से खबर है कि सुरक्षाबलों की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में कई नक्सलियों को गोली लगी है और कुछ के मारे जाने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, घने जंगल और उबड़-खाबड़ रास्तों के कारण अभी तक किसी भी नक्सली का शव बरामद नहीं किया जा सका है.
