Click Here
Click Here
Click Here
Click Here
Click Here

गिरिडीह के तिसरी में बड़ा हादसा टला, अनियंत्रित ट्रक घर में घुसा, बाल-बाल बचा परिवार

Giridih: तिसरी प्रखंड मुख्यालय स्थित पुल के पहले तीखे मोड़ के पास देर रात करीब 2 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल...

Giridih truck
घर में घुसा ट्रक

Giridih: तिसरी प्रखंड मुख्यालय स्थित पुल के पहले तीखे मोड़ के पास देर रात करीब 2 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बताया जा रहा है कि गिरिडीह से छड़ लोड कर पटना जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर तिसरी निवासी आकाश गुप्ता के मकान में घुस गया. इस दुर्घटना में घर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि, घर के अंदर सो रहे सभी लोग बाल-बाल बच गए. घटना के बाद से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए.

मकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त, मुख्य पिलर टूटा 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल के पहले स्थित तीखे मोड़ पर पहुंचते ही ट्रक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया. तेज रफ्तार ट्रक सीधे सड़क किनारे बने आकाश गुप्ता के मकान से जा टकराया और बरामदे तक घुस गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और एक मुख्य पिलर भी टूट गया. घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे. तेज धमाके की आवाज सुनकर सभी घबराकर बाहर निकले, तो देखा कि ट्रक मकान के बरामदे तक पहुंच चुका है. गनीमत रही कि ट्रक का अगला चक्का नाली में फंस गया, जिससे वाहन वहीं रुक गया. यदि ट्रक आगे बढ़ जाता तो मकान को और अधिक नुकसान पहुंच सकता था और जनहानि की भी आशंका थी.

ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हुआ ट्रक  

ट्रक चालक ने बताया कि अचानक ब्रेक का पाइप फट जाने से वाहन का ब्रेक फेल हो गया था. इसी कारण मोड़ पर ट्रक अनियंत्रित होकर मकान से टकरा गया. चालक का कहना है कि यदि सामने मकान नहीं होता तो ट्रक सीधे नदी में जा गिरता और बड़ा हादसा हो सकता था. वहीं, मकान मालिक आकाश गुप्ता ने बताया कि रात करीब 2 बजे जोरदार आवाज सुनकर पूरा परिवार सहम गया. बाहर निकलने पर देखा कि ट्रक उनके घर में घुस चुका है. उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में मकान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल के पहले स्थित यह मोड़ काफी खतरनाक है. यहां पहले भी कई बार भारी वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं. लोगों ने प्रशासन से मांग की है, कि इस स्थान पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, मजबूत सुरक्षा बैरियर तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.

यह भी पढ़ें: स्टेट इंटर स्कूल शूटिंग चैंपियनशिप में आदित्य उरांव का जलवा, चार पदक जीतकर बढ़ाया लोहरदगा का मान

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *