
पलामू: जिले के हुसैनाबाद प्रखंड अंतर्गत देवरी खुर्द पंचायत में किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल की गई है.
छह चेक डैम का हुआ निर्माण
पंचायत की मुखिया श्रीमती ममता देवी के नेतृत्व में वर्षों से बंजर पड़ी जमीन को उपजाऊ बनाने के उद्देश्य से छह चेक डैम का निर्माण कराया गया है.
अब एक सौ एकड़ भूमि पर हो सकेगी खेती
इस योजना के तहत लगभग एक सौ एकड़ भूमि, जो पहले पानी के अभाव में अनुपयोगी पड़ी रहती थी, अब सिंचाई की सुविधा मिलने से उसमें खेती की जा सकेगी.
जल संचयन से बढ़ेगी उत्पादन क्षमता
चेक डैम निर्माण से वर्षा जल का संचयन होगा, जिससे आसपास के खेतों को समय पर पानी उपलब्ध होगा और किसानों की फसल उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी.
किसानों ने पहल को बताया वरदान
स्थानीय किसानों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अपने लिए वरदान बताया है. पहले जहां सिंचाई के अभाव में खेती करना कठिन था, वहीं अब नियमित जल उपलब्धता से खेती आसान होगी और उनकी आय में भी बढ़ोतरी होगी.
किसानों की खुशहाली है प्राथमिकता: मुखिया
मुखिया श्रीमती ममता देवी ने बताया कि पंचायत का समग्र विकास और किसानों की खुशहाली उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्य किए जाते रहेंगे.
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का मिला सहयोग
इस कार्य में पंचायत के कई जनप्रतिनिधियों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनमें अध्यक्ष अखिलेश कुमार ओझा, सचिव गोपाल मेहता, रविंद्र कुमार पांडे, करण सिंह, जगत नारायण यादव, अश्वनी पांडे, रौनक ओझा, विनय राम, रामसेवक मेहता, वार्ड सदस्य उषा देवी, मंजू मेहता, मंजू देवी एवं विजय शंकर ओझा शामिल हैं.
समाजसेवियों और किसानों की भी रही अहम भूमिका
इसके अतिरिक्त समाजसेवी उपेंद्र मेहता, ललन यादव, उमाशंकर ओझा, बीकू ओझा एवं सभी सम्मानित किसानों का भी इस कार्य में सराहनीय योगदान रहा.
