News Wave Desk: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान आज, 5 जुलाई को अपनी लॉन्गटाइम गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. यह शादी मुंबई स्थित आमिर खान के घर पर बेहद निजी समारोह में आयोजित की जा रही है, जिसमें सिर्फ परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल होंगे. आइए जानते हैं कि गौरी स्प्रैट कौन हैं, दोनों की प्रेम कहानी कैसे शुरू हुई और शादी से जुड़ी खास बातें.
कौन हैं गौरी स्प्रैट?
गौरी स्प्रैट मूल रूप से बेंगलुरु की रहने वाली हैं और उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई ब्लू माउंटेन्स स्कूल से की है. इसके बाद वर्ष 2004 में उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ द आर्ट्स, लंदन से स्टाइलिंग और फोटोग्राफी में एफडीए (FDA) की पढ़ाई पूरी की. फिलहाल गौरी मुंबई में बीब्लंट (BBlunt) सैलून का प्रबंधन संभाल रही हैं. उनकी मां रीता स्प्रैट भी बेंगलुरु में सैलून व्यवसाय से जुड़ी रही हैं. गौरी एक छह वर्षीय बच्चे की मां हैं, जबकि उनके पहले पति के बारे में सार्वजनिक रूप से अधिक जानकारी उपलब्ध नहीं है.

कैसे शुरू हुई आमिर और गौरी की लव स्टोरी?
आमिर खान ने पहली बार मार्च 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर गौरी स्प्रैट को दुनिया के सामने अपनी पार्टनर के रूप में पेश किया था. मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपने रिश्ते की पुष्टि करते हुए बताया था कि दोनों की पहली मुलाकात करीब 25 साल पहले हुई थी. हालांकि, लंबे समय तक संपर्क में नहीं रहने के बाद करीब डेढ़ साल पहले दोनों की दोबारा मुलाकात हुई और यहीं से उनके रिश्ते ने नई शुरुआत की. आमिर ने बताया था कि समय के साथ दोनों एक-दूसरे के करीब आए और उनका रिश्ता स्वाभाविक रूप से आगे बढ़ता गया. उन्होंने यह भी बताया था कि गौरी ने उनकी बहुत कम फिल्में देखी हैं. उन्होंने सिर्फ ‘लगान’ और ‘दंगल’ जैसी चुनिंदा फिल्में देखी हैं और अभी बॉलीवुड की दुनिया को समझने की कोशिश कर रही हैं.
Read Also: ‘Lock Upp 2’ में होगी गौरव खन्ना की एंट्री? जानिए वायरल खबर की सच्चाई
आमिर खान की पर्सनल लाइफ
यह आमिर खान की तीसरी शादी होगी. इससे पहले उन्होंने वर्ष 1986 में रीना दत्ता से शादी की थी, जिनसे उनके दो बच्चे इरा खान और जुनैद खान हैं. वर्ष 2002 में दोनों का तलाक हो गया था. इसके बाद आमिर ने 2005 में फिल्ममेकर किरण राव से विवाह किया. इस रिश्ते से उनका बेटा आजाद है. साल 2021 में आमिर और किरण ने आपसी सहमति से अलग होने की घोषणा की थी. अलग होने के बावजूद आमिर आज भी रीना दत्ता और किरण राव दोनों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए हुए हैं.
मुंबई में होगी बेहद निजी शादी
आमिर खान ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि उनकी शादी बेहद सादगी और निजी माहौल में आयोजित की जाएगी. उन्होंने कहा था कि शादी 5 जुलाई को उनके घर पर होगी और इसमें सिर्फ परिवार के सदस्य तथा बेहद करीबी दोस्तों को ही आमंत्रित किया गया है. सूत्रों के अनुसार, शादी का समारोह पूरी तरह निजी रखा गया है और मीडिया या बड़े स्तर पर किसी आयोजन की योजना नहीं है.


