पाकुड़: चार नवनियुक्त चौकीदारों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया. उपायुक्त मनीष कुमार, प्रभारी सामान्य शाखा मोहनलाल मरांडी एवं जिला स्थापना उप समाहर्ता त्रिभुवन कुमार सिंह ने नवनियुक्त चौकीदारों को नियुक्ति पत्र सौंपे.
रिक्त पदों पर हुई नियुक्ति
बताया गया कि चौकीदार के कुल 250 स्वीकृत पदों के विरुद्ध 246 अभ्यर्थियों ने पहले ही योगदान दे दिया था, जबकि 4 पद रिक्त रह गए थे. इन रिक्त पदों को भरने के लिए प्रतीक्षा सूची में शामिल चार योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया.
डीसी ने दी जिम्मेदारी की सीख
इस दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी नवनियुक्त चौकीदारों को बधाई देते हुए कहा कि यह नियुक्ति उनके लिए एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि चौकीदार प्रशासन और आम जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं, इसलिए उन्हें अपने कार्य को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सजगता के साथ करना चाहिए.
ग्रामीण क्षेत्रों में अहम भूमिका
उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सूचनाओं के आदान-प्रदान और प्रशासनिक कार्यों के क्रियान्वयन में चौकीदारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है.
प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ाने की अपील
उन्होंने सभी नवनियुक्त कर्मियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी प्रतिबद्धता के साथ करें और प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत बनाएं.
