रांची: अपराध और अपराधियों के साथ गठजोड़ रखने वाले सफेदपोश लोगों के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. इसी कड़ी में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के करीबी सहयोगी राहुल राणा के विरुद्ध प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. रांची जिला प्रशासन अब राहुल राणा के आर्म्स लाइसेंस को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर रहा है. इसके लिए पुलिस विभाग जल्द ही औपचारिक अनुशंसा भेजने की तैयारी में है.

दरअसल हाल के दिनों में रांची, बोकारो और धनबाद समेत अन्य जिलों में रंगदारी और फायरिंग की घटनाओं में प्रिंस खान गैंग और उसके गुर्गों की संलिप्तता सामने आई है. पुलिस की अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि राहुल राणा जो खुद को एक व्यवसायी के तौर पर पेश करता रहा है वह प्रिंस खान का खास गुर्गा है. पुलिस का मानना है कि ऐसे व्यक्ति के पास लाइसेंसी हथियार होना सुरक्षा के दृष्टिकोण से सही नहीं है.
प्रिंस खान और उसके गिरोह के साथ राहुल राणा के संबंधों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उसके चरित्र और आचरण की समीक्षा की है जिसके आधार पर उसे मिला आर्म्स लाइसेंस रद्द करने के लिए अनुशंसा की जाएगी. रांची पुलिस अब उन सभी संदिग्धों की सूची खंगाल रही है जिनके तार प्रिंस खान गैंग से जुड़े हैं. इसके साथ ही इस बात की भी जांच शुरू हो चुकी है कि पाकिस्तान में छिपकर बैठे प्रिंस खान गिरोह के संपर्क में रहने के बावजूद राहुल राणा को बॉडीगार्ड किसकी पैरवी से मिला और एक दिन में उसके आर्म्स लाइसेंस की फाइल किसने क्लियर करवाई
