पलामू: हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में तैनात एक पुलिस अधिकारी पर स्थानीय चाय दुकानदार से रंगदारी मांगने और विरोध करने पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है.
दुकानदार ने लगाए गंभीर आरोप
जानकारी के अनुसार, जपला–छतरपुर मुख्य सड़क स्थित पेट्रोल पंप के सामने संचालित ‘बाबा चाय दुकान’ के संचालक शुभम पाठक ने आरोप लगाया है कि हुसैनाबाद थाना में पदस्थापित एएसआई नर्वदेश्वर सिंह ने उनसे हर महीने ₹5000 की मांग की थी. जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी पुलिस अधिकारी अपने कुछ सहयोगियों के साथ दुकान पर पहुंचे और विवाद शुरू हो गया.
Also Read: एक और उम्मीदवार ने काउंटिंग के बीच लगाए आरोप, पूछा- मतदान कम और मतपत्र ज्यादा कैसे?
विरोध करने पर मारपीट का आरोप
पीड़ित के अनुसार, विरोध करने पर उनके साथ और उनके भाई के साथ मारपीट की गई. दुकानदार का कहना है कि उन्हें गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से पीटा गया. साथ ही दुकान बंद कराने और कारोबार ठप कर देने की धमकी भी दी गई.
इलाके में आक्रोश, निष्पक्ष जांच की मांग
घटना के बाद से दुकानदार और उसका परिवार भय के माहौल में जी रहा है. वहीं, स्थानीय व्यापारियों में भी इस मामले को लेकर नाराजगी देखी जा रही है. लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
