देवघर: असम विधानसभा चुनाव 2026 के निर्णायक रण के लिए चुनाव प्रचार का शोर थम चुका है. नौ अप्रैल यानि कल को होने वाले मतदान से ठीक पहले, असम के मुख्यमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता हिमंत बिस्वा सरमा बुधवार को अचानक झारखंड के देवघर पहुंचे. उनके इस दौरे को आध्यात्मिक आस्था के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में एक बड़े साइलेंट संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है.
सत्संग आश्रम में टेका माथा, प्रधानाचार्य से की मुलाकात:
असम से विशेष विमान द्वारा देवघर हवाईअड्डा पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सरमा सीधे सत्संग आश्रम के लिए रवाना हुए. ज्ञात हो कि हिमंत बिस्वा सरमा लंबे समय से सत्संग आश्रम से जुड़े हुए हैं और अक्सर यहां आते रहते हैं. आश्रम पहुंचकर उन्होंने प्रधानाचार्य अर्कद्युत चक्रवर्ती (बुबाई दा) से मुलाकात की और उनसे आशीर्वाद लिया. मुख्यमंत्री ने आश्रम में कुछ समय व्यतीत किया और वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया. सत्संग आश्रम में दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री का कार्यक्रम द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ के मंदिर जाने का है. वे यहाँ कामनालिंग की विशेष पूजा-अर्चना कर असम की सुख-समृद्धि और चुनाव में विजय की कामना करेंगे.
ALSO READ: जमुआ में हेल्थ डे सेलिब्रेशन से स्वास्थ्य जागरूकता को मिली रफ्तार, मातृ-शिशु देखभाल पर विशेष पहल
