News Desk : झारखंड के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने नेशनल हेल्थ मिशन के तहत हॉस्पिटल मैनेजर के 201 पदों पर भर्ती का ऐलान किया है. इस भर्ती का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करना है, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 30 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. श्रेणीवार पदों में सामान्य वर्ग के लिए 81, ईडब्ल्यूएस के लिए 20, एसटी के लिए 52, एससी के लिए 20, बीसी-I के लिए 16 और बीसी-II के लिए 12 पद निर्धारित किए गए हैं.
योग्यता और अनुभव की शर्तें
हॉस्पिटल मैनेजर पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास हेल्थ मैनेजमेंट या हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन से जुड़ी डिग्री होना अनिवार्य है. इसमें पीजी डिप्लोमा, एमबीए इन हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन या मास्टर इन पब्लिक हेल्थ जैसी योग्यता शामिल है. इसके साथ ही उम्मीदवार के पास अस्पताल प्रबंधन या पब्लिक हेल्थ सेक्टर में कम से कम तीन साल का अनुभव होना चाहिए. कंप्यूटर संचालन, रिपोर्टिंग सिस्टम और प्रशासनिक कार्यों की समझ रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी.
उम्र सीमा और चयन से जुड़ी बातें
इस भर्ती में सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जबकि ओबीसी वर्ग के लिए यह सीमा 42 वर्ष है. महिलाओं के लिए अधिकतम आयु 43 वर्ष और एससी-एसटी वर्ग के लिए 45 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्ग को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी. चयन प्रक्रिया में उम्मीदवारों का मूल्यांकन योग्यता, अनुभव और अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद योग्य अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाएगी.
