Ranchi: विधानसभा का मानसून सत्र समाप्त होने के बाद नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मीडिया से बातचीत में JPSC और JSSC में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र और युवा लगातार धरना और अनशन पर बैठे हैं तथा उनकी मांग पूरे झारखंड के युवाओं और जनता की मांग है. उन्होंने आरोप लगाया कि JSSC-CGL, विभिन्न नियुक्ति परीक्षाओं, उत्पाद सिपाही भर्ती समेत कई परीक्षाओं में धांधली हुई है. साथ ही JPSC में भी नियुक्तियों में गड़बड़ी और नौकरी बेचने का आरोप लगाया.

अधिकारियों पर FIR, मामले की जांच करें CBI- बाबूलाल मरांडी
बाबूलाल मरांडी ने मांग की कि जिन परीक्षाओं में अनियमितता के आरोप हैं, उन्हें तत्काल रद्द किया जाए. साथ ही JPSC और JSSC के अध्यक्ष, सदस्य, सचिव और परीक्षा नियंत्रक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की जाए. उन्होंने पूरे मामले की CBI जांच कराने की भी मांग की. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह केवल भारतीय जनता पार्टी की मांग नहीं, बल्कि झारखंड के उन हजारों युवाओं की आवाज है, जिनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है. उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को सर्वदलीय बैठक और कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में भी उठाया गया था.

CID जांच पर बाबूलाल मरांडी ने उठाए सवाल
CID जांच पर सवाल उठाते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पहले जांच कर रहे अधिकारियों को हटाकर नए अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है, जिससे जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं. उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए पूरे मामले की निष्पक्ष CBI जांच आवश्यक है.


